![]()
लुधियाना में मेयर के वार्ड के अधीन आते इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान मनी (21) के रूप में हुई है, जो सुखदेव नगर इलाके में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। बंदा बहादुर सिंह नगर स्थित एक पार्क में शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन युवक की मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं और मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। मृतक की बहन मोनिका ने बताया कि उसका भाई मनी शुक्रवार सुबह अपनी मां से यह कहकर घर से निकला था कि वह दिहाड़ी मजदूरी करने जा रहा है। आमतौर पर मनी दोपहर करीब 1 बजे तक काम खत्म कर घर लौट आता था। देर शाम तक उसके घर वापस नहीं आने पर परिवार को चिंता होने लगी। मोनिका ने बताया कि मनी के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके कारण उससे संपर्क नहीं हो सका। इसके अलावा, वह जिस ठेकेदार या व्यक्ति के साथ काम पर जाता था, उसके बारे में भी परिवार के पास कोई जानकारी या संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं है। रात भर सड़कों पर भाई को तलाशता रहा परिवार भाई के घर न लौटने पर परेशान परिवार ने रातभर उसकी तलाश की। मोनिका के अनुसार, उन्होंने रात के समय त्रिकोणी पार्क और आसपास के कई इलाकों में जाकर मनी को ढूंढने की कोशिश की। तलाश के दौरान किसी ने उन्हें बताया कि एक युवक को इलाके में देखा गया है, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी मनी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शनिवार सुबह अचानक सूचना मिली कि मनी का शव बंदा बहादुर सिंह नगर इलाके में पड़ा हुआ है। नशे और बुरी संगत से दूर था मनी बहन ने बताया कि भाई को किसी भी तरह के भारी नशे की आदत नहीं थी। वह सिर्फ कभी-कभार बीड़ी पीता था और सामान्य जीवन जीता था। मनी की किसी से कोई खास दोस्ती नहीं थी और न ही वह किसी गलत संगत में था। शव मोर्चरी में रखवाया, परिवार के बयानों पर होगी कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार फिलहाल मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Source link
लुधियाना मेयर के वार्ड में मिला युवक का शव:काम पर निकला था, बहन बोली- नशे से दूर था भाई; जांच की मांग
