Headlines

वन विभाग खेलकूद प्रतियोगिता में हमीरपुर सर्कल चैंपियन:रामपुर दूसरे स्थान पर रहा, 32 खेलों में एक हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा




हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में हमीरपुर फोरेस्ट सर्कल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। वहीं, मेजबान रामपुर फोरेस्ट सर्कल की टीम प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रही। रामपुर के पाटबंगला मैदान में तीन दिनों तक चली यह प्रतियोगिता रविवार शाम 5 बजे संपन्न हुई। इस आयोजन में प्रदेशभर से वन विभाग के 1,000 से अधिक महिला एवं पुरुष अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों के दौरान 32 विभिन्न खेलों की लगभग 124 स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
प्रमुख खेलों के परिणाम वॉलीबॉल: महिला वर्ग में मंडी और पुरुष वर्ग में शिमला की टीम विजेता रही। बास्केटबॉल: पुरुष वर्ग में बिलासपुर तथा महिला वर्ग में हमीरपुर ने बाजी मारी। फुटबॉल (पुरुष): धर्मशाला की टीम ने खिताब अपने नाम किया। कबड्डी (पुरुष): हमीरपुर फोरेस्ट सर्कल की टीम विजेता बनी।
समापन समारोह और पुरस्कार वितरण
समापन समारोह में वन बल प्रमुख और जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डॉ. संजय सूद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता टीमों व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डॉ. सूद ने कहा कि कर्मचारियों ने ‘स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी’ की भावना को चरितार्थ किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेलकूद से कर्मचारियों में अनुशासन, टीम भावना और आपसी तालमेल मजबूत होता है। इस अवसर पर प्रतियोगिता के चेयरमैन व सीएफ रामपुर सीबी ताशीलदार और डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना से भाग लेना है। अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए रामपुर सर्कल की पूरी टीम की सराहना की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *