![]()
जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात शराब लदी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक चाय की दुकान में जा घुसी। यह घटना गिद्धौर-जमुई मार्ग पर पावर ग्रिड सब स्टेशन मोड़ के पास हुई। हादसे में दुकानदार बाल-बाल बच गया, जबकि दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके से 552 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। बताया गया कि सफेद रंग की यह कार जमुई की ओर जा रही थी और उसकी रफ्तार काफी तेज थी। पावर ग्रिड सब स्टेशन मोड़ के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे चाय की दुकान में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरी दुकान ढह गई और दुकानदार की एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची। गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मालिक के नेतृत्व में अवर निरीक्षक जय प्रकाश सिंह, मनीष कुमार और डायल-112 की टीम ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 552 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शी चाय दुकानदार मुकेश साह ने बताया कि कार बहुत तेज गति से आ रही थी और अचानक उनकी दुकान में घुस गई। उन्होंने बताया कि हादसे के समय वह दुकान में ही मौजूद थे, लेकिन किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। उनकी दुकान और सड़क किनारे खड़ी बाइक को काफी नुकसान पहुंचा है। मामले की जानकारी मिलने पर डीएसपी अभिषेक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Source link
शराब लदी तेज रफ्तार कार चाय की दुकान में घुसी:जमुई में 552 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद, हादसे में दुकानदार बाल-बाल बचा
