![]()
हमारे जीवन में कई लोग समय-समय पर हमें सलाह देते हैं। इनमें से कुछ लोग केवल अपनी राय रखते हैं, जबकि कुछ ऐसे भी होते हैं जो सचमुच हमारा भला चाहते हैं। ऐसी नि:स्वार्थ सलाह को पहचानना और उसे सही समय पर स्वीकार करना बहुत जरूरी है। यह बात भगवान शिव और नारद मुनि की कथा से समझ सकते हैं… एक बार नारद मुनि ने कामदेव को पराजित कर दिया। इस सफलता से नारद जी को अपने ऊपर गर्व होने लगा। वे लोगों को बताते फिर रहे थे कि उन्होंने कामदेव को हरा दिया है। धीरे-धीरे यह गर्व अहंकार में बदलने लगा। उत्साह में नारद मुनि कैलाश पर्वत पहुंचे और भगवान शिव को भी अपनी विजय के बारे में बताया। नारद जी ने कहा कि उन्होंने कामदेव को पराजित किया और इसके लिए उन्हें क्रोधित भी नहीं होना पड़ा। शिव जी समझ गए कि नारद मुनि के मन में अपनी सफलता को लेकर अहंकार पैदा हो गया है। उन्होंने नारद जी को समझाया कि कामदेव पर विजय प्राप्त करना अच्छी बात है, लेकिन इसका घमंड नहीं करना चाहिए। शिव जी ने यह भी कहा कि वे यह बात उनसे कह रहे हैं, लेकिन भगवान विष्णु से इसका उल्लेख न करें। नारद मुनि ने शिव जी की सलाह को गंभीरता से नहीं लिया। उन्हें लगा कि शायद शिव जी उनकी प्रशंसा से प्रसन्न नहीं हैं। वे भगवान विष्णु के पास पहुंचे और अपनी विजय का बखान करने लगे। विष्णु जी समझ गए कि नारद मुनि को अपनी उपलब्धि का अहंकार हो गया है। उन्होंने नारद जी का अहंकार दूर करने के लिए अपनी माया से एक सुंदर नगरी बनाई, जहां एक राजकुमारी का स्वयंवर हो रहा था। नारद मुनि राजकुमारी को देखकर मोहित हो गए और उससे विवाह करना चाहते थे। उन्होंने विष्णु जी से प्रार्थना की कि उन्हें ऐसा सुंदर रूप दिया जाए, जिससे राजकुमारी उन्हें स्वयंवर में चुन ले। विष्णु जी ने उन्हें नया रूप दिया, लेकिन नारद मुनि को पता नहीं था कि उनका चेहरा बंदर जैसा हो गया है। स्वयंवर में बंदर जैसे चेहरे की वजह से नारद मुनि का उपहास हुआ। उस स्वयंवर में भगवान विष्णु भी पहुंचे, राजकुमारी ने विष्णु जी को चुन लिया। इससे नारद मुनि क्रोधित हो गए और उन्होंने विष्णु जी को शाप दे दिया। बाद में जब उनका क्रोध शांत हुआ और उन्हें पूरी सच्चाई समझ आई, तो उनका अहंकार समाप्त हो गया। उन्होंने भगवान विष्णु से क्षमा मांगी। इस कथा की सबसे बड़ी सीख यही है कि कभी-कभी हमारे हित में कही गई बात हमें उस समय अच्छी नहीं लगती, लेकिन अगर उस सलाह को मान लिया जाए, तो वही सलाह हमें बड़ी गलती से बचा सकती है। कथा की सीख हर सलाह को आंख बंद करके मानना जरूरी नहीं है। पहले यह समझें कि सामने वाला आपकी मदद करना चाहता है या केवल अपनी बात मनवाना चाहता है। जो व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के आपकी कमियां बताता है और आपके बेहतर भविष्य की चिंता करता है, उसकी बात को गंभीरता से सुनना चाहिए। ऐसे लोगों की सलाह पर ध्यान देना चाहिए। हमें अक्सर वही बातें अच्छी लगती हैं जो हमारी तारीफ करती हैं, लेकिन जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल प्रशंसा नहीं, बल्कि अपनी गलतियों का पता चलना भी जरूरी है। जो व्यक्ति हमारी कमी बताने का साहस करता है, वह कई बार हमारा सच्चा हितैषी होता है। सफलता मिलने के बाद अहंकार पैदा होना आसान है। ऐसे समय में खुद से पूछें- क्या यह उपलब्धि केवल मेरी मेहनत का परिणाम है? क्या दूसरों ने इसमें मेरी मदद की? यह सोच हमें जमीन से जुड़े रहने में मदद करती है। कोई सलाह पसंद न आए, तो तुरंत उसे गलत न मानें। थोड़ा रुकें, शांत होकर सोचें और देखें कि सामने वाले की बात में कितनी सच्चाई है। कई बार सलाह हमें इसलिए बुरी लगती है, क्योंकि वह हमारी कमियों को सामने ला रही होती है। परिवार, मित्र, गुरु या कोई अनुभवी व्यक्ति यदि बार-बार किसी गलती की ओर ध्यान दिलाता है, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय आत्ममंथन करें। संभव है कि वे वह बात देख पा रहे हों, जिसे हम अपने अहंकार के कारण नहीं देख पा रहे। गलती मान लेना व्यक्ति को छोटा नहीं बनाता, बल्कि उसे परिपक्व बनाता है। यदि किसी की सलाह न मानने से नुकसान हुआ है, तो बहाने बनाने के बजाय अपनी गलती स्वीकार करें और उससे सीख लें। ज्ञान, सफलता, पद या प्रतिभा जितनी भी बड़ी हो, विनम्रता उससे बड़ी खूबी है। अपनी उपलब्धियों पर खुश होना गलत नहीं है, लेकिन उन्हें दूसरों से श्रेष्ठ साबित करने का माध्यम बनाना नुकसानदायक हो सकता है। सही सलाह का अर्थ यह नहीं कि हर बात को बिना सोचे मान लिया जाए। सलाह को अपनी परिस्थिति, तथ्यों और परिणामों के आधार पर परखें। जो सलाह तर्कसंगत और हितकारी लगे, उसे व्यवहार में उतारने का प्रयास करें। जीवन में सच्चे सलाहकार मिलना सौभाग्य की बात है। ऐसे लोगों की बात हमेशा मन को अच्छी लगे, यह जरूरी नहीं, लेकिन उनकी नीयत और बात की सच्चाई को समझना जरूरी है। नारद मुनि की कथा हमें याद दिलाती है कि अहंकार अक्सर वही बात सुनने से रोकता है, जो हमारे सबसे ज्यादा काम आ सकती है। इसलिए सफलता के साथ विनम्रता और सलाह के साथ आत्ममंथन, यही बेहतर जीवन का सूत्र है।
Source link
शिव जी की नारद मुनि की कथा की सीख:सलाह देने वाले की नीयत और बात की सच्चाई को समझें, जीवन में सच्चे सलाहकार मिलना सौभाग्य की बात है
