![]()
जयपुर में इनामी और शातिर वाहन चोर सोनू मीणा (32) को जवाहर नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी साल 2023 में ईको कार चोरी की वारदात के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 15 जून को पुलिस मुख्यालय की ओर से दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। जवाहर नगर थाना प्रभारी सरला यादव ने बताया- वारदात अप्रैल 2023 को हुई थी। जवाहर नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी मारुति सुजुकी ईको कार सेक्टर-4 स्थित पार्क के बाहर खड़ी की थी, जिसे बदमाश चोरी कर ले गए। इस संबंध में जवाहर नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात में सोनू मीणा और उसका साथी विश्राम मीणा शामिल थे। विश्राम मीणा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि सोनू लगातार फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार- आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा और जयपुर में लगातार ठिकाने बदल रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 13 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया। चोरी के वाहन बेचकर उड़ाता था रकम पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया- वह साथी के साथ रात के समय मकानों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और ईको कार चोरी करता था। चोरी के वाहनों को धौलपुर और अजमेर-ब्यावर क्षेत्र में अज्ञात लोगों को बेच देता था और उससे मिली रकम अपने शौक पूरे करने में खर्च करता था। पुलिस के अनुसार- सोनू मीणा के खिलाफ जयपुर के श्याम नगर, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य थानों में वाहन चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह से जुड़े अन्य अपराधों और चोरी के वाहनों की बरामदगी के संबंध में जांच कर रही है।
Source link
शौक के लिए कार-बाइक की चोरी, फरार आरोपी गिरफ्तार:सस्ते दामों पर बेच देता; टोंक, सवाईमाधोपुर, दौसा और जयपुर में ठिकाने बदलकर काटी फरारी
