Headlines

सरपंच से 5 करोड़ की फिरौती मांगने का मामला:पुलिस ने स्वागत गेट पर फायरिंग करने पर एक ओर केस किया दर्ज,वॉट्सऐप कॉल व वॉयस मैसेज पर दी थी धमकी




करनाल में मंगलौरा गांव के सरपंच को 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और स्वागत गेट पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक ओर मामला दर्ज किया है। इसमें फायरिंग करने वाले दो युवकों पर केस दर्ज हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बीती 1 अक्टूबर की रात करीब साढ़े सात बजे दो अज्ञात व्यक्तियों ने सरपंच को मोबाइल पर धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने गांव के एंट्री गेट पर हवा में देसी पिस्तौल से फायरिंग भी की। जिसकी शिकायत तुरंत पुलिस को दी गई थी और सूचना के बाद सीआईए व मंगलौरा पुलिस की टीमें सरपंच के निवास पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी है। हालांकि सरपंच को पुलिस सुरक्षा भी मुहैया करवाई गई है। पुलिस ने सरपंच की शिकायत के आधार पर मधुबन थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल पर आए धमकी भरे कॉल और मैसेज
गांव मंगलौरा के सरपंच मनजीत ने हरियाणा सरकार से मुस्तफाबाद-डबरकीपार रेत खदान लीज पर ली हुई है। कुछ समय से उसे और उसके परिवार को 5 करोड़ रुपए की फिरौती देने की धमकियां मिल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीती 1 अक्टूबर को रात 7:31 बजे उसके मोबाइल पर विदेशी नंबर से और छोटे बेटे वंश के मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल और वॉयस मैसेज आए। शिकायत के मुताबिक, मैसेजों में गांव मंगलौरा के एंट्री गेट पर दो अज्ञात व्यक्ति दिखाई दे रहे थे। इनमें एक ने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। दोनों में से एक व्यक्ति हवा में देसी पिस्तौल से फायरिंग कर रहा था और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। पहले भी दर्ज करवाया था मामला
जानकारी के मुताबिक, फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में सरपंच पहले भी केस दर्ज करवा चुका है। इसके बावजूद उसे विदेशी नंबरों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से फिरौती मांगने और फायरिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही साजिश के पीछे शामिल अन्य लोगों को भी बेनकाब कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा खुद और परिवार की जान-माल की सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की। जांच के बाद दूसरा मुकदमा दर्ज
गांव के बाहर स्वागत गेट पर फायरिंग की घटना की सूचना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आई और गांव में पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और वीडियो को अच्छी तरह से चेक किया। शिकायत और वीडियो के आधार पर पुलिस ने एक ओर मामला दो अज्ञात व्यक्तियों पर दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई जयभगवान को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *