.
आज की सबसे बड़ी खबर लखनऊ में बैंककर्मी द्वारा अपनी अफसर पत्नी और बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर शाहजहांपुर में गौतम मौर्य हत्याकांड के 21वें दिन हत्यारोपी समीर इदरीसी का घर गिराए जाने से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1- लखनऊ में SBI अफसर ने बैंक मैनेजर पत्नी की हत्या की, लिखा- धोखा दिया

लखनऊ में SBI बैंककर्मी ने अफसर पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर खुद को गोली मार ली। टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी। वारदात से पहले वॉट्सऐप स्टेटस लगाया- पत्नी ने धोखा दिया, इसलिए हत्या की; अब खुद और बहन को भी मारना है। पत्नी की यूट्यूबर बहन और पति को सब पता है। गुरुवार को कार से ICICI बैंक पहुंचा था। पूरी खबर पढ़ें
2- शाहजहांपुर में हत्यारोपी समीर इदरीसी का घर गिराया गया, लड़की के लिए 16 चाकू मारे थे

शाहजहांपुर में गौतम मौर्य हत्याकांड के 21वें दिन प्रशासन ने हत्यारोपी समीर इदरीसी का अवैध मकान गिरा दिया। पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई को प्रेमिका को परेशान करने पर उसने गौतम की चाकू से हत्या की थी। शरीर पर 16 वार किए थे। वारदात के बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर ‘मार दिया’ स्टेटस लगाया था। हत्याकांड के बाद प्रशासन ने मकान गिराने का नोटिस दिया था। पूरी खबर पढ़ें
3- भाजपा विधायक बोलीं– मंदिर में मुझसे पूजा नहीं करवाई गई, पासी समाज से हूं इसलिए अपमान किया

भाजपा विधायक जयदेवी कौशल ने लखनऊ के शीतला मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पासी समाज से होने के कारण उन्हें पूजा में शामिल नहीं किया गया। बाहर खड़ा रखा गया। विधायक ने इसे अपना अपमान बताया। बेटे विकास ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए। पति कौशल किशोर पूर्व केंद्रीय मंत्री व दो बार के सांसद हैं। पूरी खबर पढ़ें
4- यूपी में 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात, 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित

यूपी के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात से 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। वाराणसी में विश्वनाथ मंदिर का गंगा द्वार बंद है। जलमग्न होने से हरिश्चंद्र घाट पर गलियों-सीढ़ियों और मणिकर्णिका की छत पर अंतिम संस्कार हो रहे। प्रयागराज में बारिश के चलते 2 हजार से ज्यादा छात्रों ने हॉस्टल छोड़ा, 7 हजार से ज्यादा परिवार छतों पर हैं। 48 घंटे में मकान ढहने से 6 लोगों की मौत हुई। पूरी खबर पढ़ें
5- मंत्री राजभर बोले- इस जन्म में सपा सरकार नहीं बनेगी, अगली पैदाइश की तैयारी करें

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मऊ में कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने का सपना ‘दिवास्वप्न’ है। इस जन्म में सपा की सरकार नहीं बनेगी। अब अगली पैदाइश की तैयारी करें। राजभर ने कहा कि भाजपा को PDA से हार का अंदेशा नहीं है, बल्कि बीजेपी NDA सहयोगी दलों को क्षमता के अनुसार सीटें देने की तैयारी कर रही है। पूरी खबर पढ़ें
अब अहम 8 खबरें…
6- चंपत राय बोले- नृपेंद्र मिश्र ने अपनी पसंद के लोगों को जोड़ा, दूसरों की सलाह कभी नहीं मानी

राम मंदिर ट्रस्ट से इस्तीफे के बाद चंपत राय ने गुरुवार को 9 पन्नों का दूसरा लेटर जारी किया। इसमें उन्होंने पूर्व IAS नृपेंद्र मिश्र की भूमिका को लेकर कई दावे किए। राय ने कहा कि मंदिर निर्माण के कई अहम फैसलों में उनकी प्रमुख भूमिका रही। दूसरों की सलाह कभी नहीं मानी। उनके सुझाव पर L&T को निर्माण की जिम्मेदारी दी गई। समिति में पसंद के लोगों को शामिल किया। पूरी खबर पढ़ें
7- मथुरा में बाइक के टायर में सूजा मारने वाला पुलिसकर्मी सस्पेंड; SSP ने लिया एक्शन

मथुरा-वृंदावन में बाइक पर तीन सवारी बैठाने पर पुलिसकर्मी ने टायर में सूजा मारकर पंचर कर दिया। सामने आए वीडियो में बाइक सवार युवक पुलिसकर्मी से छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन सिपाही ने उसकी एक नहीं सुनी और लगातार तीन बार सूजा मारा। सिपाही की पहचान वृंदावन थाने के मुख्य आरक्षी सुनील कुमार यादव के रूप में हुई। एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया। पूरी खबर पढ़ें
8- वाराणसी में MSC छात्रा की प्रेमी के बाथरूम से मिली लाश, 3 दिन से लापता थी

वाराणसी में 3 दिन से लापता 24 वर्षीय MSc छात्रा का शव गुरुवार दोपहर प्रेमी के कमरे के बाथरूम से मिला। बेटी का पता लगाते हुए मां प्रेमी के कमरे तक पहुंचीं। गेट खोलते तेज बदबू आने लगी। दरवाजा खोला तो शव सड़ी-गली हालत में पड़ा था। परिजनों के मुताबिक, छात्रा 17 अगस्त को कॉलेज के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं आई। काफी तलाश के बाद पता नहीं चला था। पूरी खबर पढ़ें
9- कन्नौज में जेन अल्फा स्टूडेंट्स ने हेडमास्टर को घेरा, कार के आगे खड़े हो गए

कन्नौज के कंपोजिट स्कूल में गुरुवार को हेडमास्टर को देखकर जेन अल्फा स्टूडेंट्स भड़क गए। बच्चों ने नारेबाजी कर उनकी गाड़ी घेर ली। आरोप लगाया- मास्टर साहब पढ़ाते नहीं, कुछ कहने पर पीटते हैं। बच्चों के समर्थन में टीचर भी उतर आए। हेडमास्टर ने पुलिस बुला ली। मामला बिगड़ा तो BSA पहुंचे। बच्चे नहीं माने। तहसीलदार ने पहुंचकर समझाया, तब छात्र शांत हुए। पूरी खबर पढ़ें
10- सरकार पर भड़कीं मायावती, बोलीं- पढ़ने की उम्र में बच्चों को सड़क पर उतरना पड़ रहा

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा। कहा कि 2013 के बाद जन्मे जेन-अल्फा बच्चे बेहतर शिक्षा और सुविधाओं के लिए तरस रहे। किताबों-खेलने की उम्र में वे ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के साथ सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। सरकारें स्कूलों की व्यवस्था सुधारने की बजाय अनदेखी कर रही हैं। पूरी खबर पढ़ें
11- संभल में चचेरे भाई के कान में 5-फीट लंबा सरिया घुसाया, मौत

संभल में 5 फीट लंबे लोहे के सरिए से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बच्चों के विवाद में चचेरे भाई ने उसके कान में सरिया घुसा दिया। सरिया कान के रास्ते करीब 4 इंच अंदर जाकर खोपड़ी में फंस गया। ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने सरिया निकाल दिया, लेकिन 4 घंटे बाद हालत बिगड़ गई। दिल्ली ले जाते समय बुधवार रात करीब 2:30 बजे युवक की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें
12- जौनपुर में बच्चों से भरी वैन खाई में गिरी, 7 घायल; 3 की हालत गंभीर

जौनपुर में गुरुवार सुबह बस ने स्कूल वैन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वैन बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। वैन के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। कुछ बच्चे खिड़की से छिटककर सड़क पर गिर गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्चों को बाहर निकाला। वैन में 9 बच्चे सवार थे, जिनमें 7 घायल हो गए। इनमें 3 की हालत नाजुक बताई जा रही। पूरी खबर पढ़ें
13- झांसी में रोड एक्सीडेंट में दादी-पोते की मौत, ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा

झांसी में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंद दिया। हादसे में महिला, उसके 4 साल के पोते समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि पति की हालत नाजुक है। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को 200 मीटर तक घसीटता ले गया। 4 साल के संस्कार उर्फ भानू का सिर और एक पैर धड़ से अलग हो गया, जबकि दादी का सिर कुचल गया। शवों के टुकड़े 50 मीटर तक बिखर गए। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है…
14- एक पांव तक खड़े रहकर 4 महीने तक तपस्या, यमुना तट पर बाबा का तप

फतेहपुर में यमुना किनारे संत कंगाल दास बाबा ने एक पैर पर खड़े होकर तपस्या शुरू की है। जनकल्याण के लिए वे 4 महीने तक खड़े रहकर कठिन तपस्या करेंगे। इस दौरान सिर्फ एक वक्त भोजन करेंगे। बाबा को देखने और आशीर्वाद लेने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
कल क्या रहेगा खास…
15- पॉलिटेक्निक प्रवेश के लिए काउंसलिंग
21 अगस्त से UPJEE (Polytechnic)-2026 के तहत डिप्लोमा इंजीनियरिंग समेत अन्य पाठ्यक्रमों (फार्मेसी छोड़कर) में छठे और सातवें चरण की अतिरिक्त काउंसलिंग शुरू होगी। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने बताया कि प्रवेश से वंचित या प्रक्रिया पूरी न कर पाने वाले अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया गया है।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
