Headlines

सीतापुर में हिंसक जानवर के हमले से किसान की मौत:गर्दन-पैर पर नोचने के निशान मिले, ग्रामीणों ने बाघ के हमले की जताई आशंका




सीतापुर के संदना थाना इलाके के मधवापुर ग्राम पंचायत के रसूलवा गांव में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात हिंसक जानवर के हमले में एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण बाघ या किसी अन्य बड़े जंगली जानवर के हमले की आशंका जता रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। रसूलवा गांव निवासी कमल किशोर (50) बुधवार सुबह खेतों की ओर गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के बाहर उनका शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। मृतक का एक पैर और गर्दन बुरी तरह क्षत-विक्षत थे। घटनास्थल पर शव को कुछ दूरी तक घसीटे जाने जैसे निशान भी मिले, जिससे किसी बड़े हिंसक वन्यजीव के हमले की आशंका और गहरा गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही की चर्चाएं होती रही हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग खेतों में अकेले जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, हिंसक जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने तथा गांववासियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वन विभाग के क्षेत्रीय वन दरोगा मदीन अहमद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किसान की मौत किस जानवर के हमले से हुई। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *