Headlines

सुपौल में 2280 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, 3 गिरफ्तार:NH-27 पर इनोवा के आगे चल रही थी ब्रेजा कार, दोनों जब्त




सुपौल के भपटियाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2280 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। बुधवार देर रात एनएच-27 पर सरायगढ़ पंचायत के चिकनी गांव के पास पटना से सिमराही की ओर जा रही इनोवा कार से 19 कार्टन कफ सिरप बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो चारपहिया वाहनों को जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 228 लीटर बताई गई है। गुरुवार सुबह भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो चारपहिया वाहनों से प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-27 पर सरायगढ़ पंचायत के चिकनी गांव के पास वाहन जांच शुरू की। इस दौरान एक ब्रेजा कार (BR 01 HW-3770) आगे-आगे चल रही थी, जबकि उसके पीछे एक इनोवा कार (BR 01 PF-2623) आ रही थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर ली तलाशी पुलिस के अनुसार, ब्रेजा कार इनोवा के आगे चलकर लाइनिंग का काम कर रही थी। इसका उद्देश्य रास्ते में पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखना था। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान इनोवा कार से 19 कार्टन में रखी 2280 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुई। मौके से इनोवा चालक शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत औरा गांव के वार्ड-3 निवासी रोशन कुमार और इनोवा की सीट पर बैठे पटना जिले के रामकृष्ण नगर निवासी गोलू कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं, ब्रेजा कार चालक पटना जिले के कदमकुआं थाना क्षेत्र निवासी राहुल कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों कारों को जब्त कर लिया गया है। मामले में भपटियाही थाना कांड संख्या 289/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *