Headlines

सोनभद्र में 300 मीटर सड़क पर धान रोपे:जलभराव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा विरोध जताया




सोनभद्र के नगवा ब्लॉक स्थित बनबहुवार गांव में लगभग 300 मीटर सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण बनबहुवार और निपनिया के बीच आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कीचड़ और पानी से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर दी। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जब सड़क की हालत खेत जैसी हो गई है, तो विरोध भी उसी अंदाज में किया जा रहा है। यह विरोध लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग पूरी न होने के कारण किया गया है। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है, वहीं किसी मरीज को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ने पर भी समस्या बढ़ जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, खराब रास्ते के कारण वाहन और एंबुलेंस तक गांव में पहुंचने में कठिनाई होती है। स्थानीय ग्रामीण बुधीराम यादव ने बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक भूपेश चौबे और सांसद छोटेलाल खरवार को भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय कुमारी देवी ग्रामीण का कहना है कि हर चुनाव के दौरान सड़क बनवाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन चुनाव बीतने के बाद समस्या पर ध्यान नहीं दिया जाता। बरसात आते ही सड़क की हालत और खराब हो जाती है और गांव का संपर्क प्रभावित होने लगता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *