![]()
हांसी में नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार शाम को 26वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ त्रिमूर्ति पार्क से कैंडल मार्च निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। यह मार्च उमरा गेट और बजरिया चौक से होते हुए शहीद स्मारक पहुंचा, जहां प्रदर्शन का समापन हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष सफाई कर्मचारी, अग्निशमन विभाग के कर्मचारी, सर्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और सिंचाई विभाग के मैकेनिकल विंग के कर्मचारी शामिल थे। कर्मचारी नेता सुरेंद्र यादव ने बताया कि 26 दिनों से कर्मचारी हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गंदगी और दुर्गंध के कारण आम जनता परेशान है। ‘मांगों को स्वीकार कर परिपत्र जारी करने से खत्म होगी हड़ताल’ यादव ने चेतावनी दी कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो यह गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है। इसके बावजूद, सरकार कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार बातचीत के लिए आगे आए और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित उनकी मांगों को स्वीकार कर परिपत्र जारी कर दे, तो हड़ताल तत्काल समाप्त की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मांगें मानने की बात तो कही है, लेकिन अभी तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है। समाधान नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन महिला सफाई कर्मचारी नेता रेखा ने अपनी बात रखते हुए कहा कि महंगाई के इस दौर में सफाई कर्मचारी बेहद कम वेतन में अपने परिवार का गुजारा चला रहे हैं, इसके बावजूद उनकी नौकरी स्थायी नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सड़क पर बैठकर या हड़ताल करने का कोई शौक नहीं है, लेकिन जब तक उनकी जायज मांगों का समाधान नहीं होता, यह आंदोलन जारी रहेगा।
Source link
हांसी में सफाई कर्मचारियों ने निकाला कैंडल मार्च:हड़ताल 26वें दिन भी जारी, बोले-सरकार मांगें माने तो एक घंटे में खत्म होगी
