Headlines

Katras Dhanbad Land Subsidence | BCCL Negligence Sparks Public Outrage


धनबाद14 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का छह नंबर चाणक के समीप सोमवार को अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंसने से अफरा-तफरी मच गयी। एक घर के बगल में देखते ही देखते गहरा गोफ बन गया।

वहां मौजूद एक मवेशी उसमें जा गिरा। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी। स्थानीय लोगों ने मवेशी को गोफ से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। घर के ठीक बगल में जमीन धंसने की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।

बारिश के बीच भू-धसान से बढ़ी लोगों की चिंता

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण पहले से ही जमीन धंसने का खतरा बना हुआ था। सोमवार को अचानक जमीन धंसने और गहरा गोफ बन जाने से लोगों की चिंता और बढ़ गयी है।

लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया, तो आसपास के घरों और लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोग घरों के आसपास जमीन की स्थिति को लेकर भी सतर्क हो गये हैं।

बीसीसीएल के अधिकारी के नहीं पहुंचने से नाराजगी

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद अब तक बीसीसीएल का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बीसीसीएल और जिला प्रशासन से तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि जमीन धंसने की स्थिति का आकलन कर आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाये जाने चाहिए। साथ ही, बने हुए गोफ को सुरक्षित तरीके से भरने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

कोलियरी इलाकों में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

गौरतलब है कि धनबाद जिले में लगातार बारिश के बीच कोलियरी परियोजना क्षेत्रों के आसपास भू-धसान और गोफ बनने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद, सलेक्टेड गोविंदपुर और काजूबागान में भी जमीन धंसने और गोफ बनने की घटनाएं हो चुकी हैं।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कोलियरी क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में जमीन धंसने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बीसीसीएल और प्रशासन को सुरक्षा के स्थायी उपाय करने चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *