भास्कर संवाददाता | रहली 14 जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाले बच्चों की सेहत हर घर दस्तक अभियान की तैयारियों के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा पर्यवेक्षकों और कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया। प्रशिक्षण में अभियान के प्रभावी संचालन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और घर-घर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया। जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर ब्रजेश तिवारी, डॉ. अनामिका विश्वास और बीसीएम आशीष सराफ ने बताया कि अभियान के दौरान विकासखंड के करीब 28 हजार पांच वर्ष तक के बच्चों का घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। टीकाकरण से वंचित बच्चों की पहचान, कुपोषण, निमोनिया, डायरिया, एनीमिया एवं अन्य बीमारियों की जांच कर जरूरतमंद बच्चों को उपचार और रेफरल की सुविधा दी जाएगी। डॉ. अनामिका विश्वास ने गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, नियमित जांच और हाई रिस्क गर्भावस्था की पहचान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं बरसात के मौसम को देखते हुए मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए साफ-सफाई एवं जलभराव रोकने के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी बल दिया। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा सभी आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link
14 जुलाई से शुरू होगा बच्चों की सेहत हर घर दस्तक अभियान
