![]()
बीकानेर के कोलायत थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे-87ए पर टैक्सी लूट के मामले का पुलिस ने खुलाया किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से ही अपने मोबाइल बंद कर लगातार ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन पुलिस ने मोबाइल टावर की सेल आईडी, डंप डाटा और करीब 100 सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनका पीछा करते हुए हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र से पकड़ लिया। तीनों आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोलायत सीओ संग्राम सिंह ने बताया- 22 जुलाई को स्टेट हाईवे-87ए पर टैक्सी लूट का मामला दर्ज हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने मोबाइल फोन बंद कर अलग-अलग स्थानों पर छिपते रहे। 100 CCTV खंगाल कर आरोपियों तक पहुंचे कोलायत सीओ संग्राम सिंह ने बताया- जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। साथ ही मोबाइल टावर की सेल आईडी, डंप डाटा और साइबर एक्सपर्ट की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी जोधपुर और पंजाब में छिपने के बाद हनुमानगढ़ के संगरिया क्षेत्र पहुंच गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लूटी गई टैक्सी बरामद भी कर ली जाएगी। पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खेतों, खदानों, ईंट-भट्टों, घरों या अन्य स्थानों पर किसी भी बाहरी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी गई है। सीओ बोले- चुनौतीपूर्ण था मामला कोलायत सीओ संग्राम सिंह ने बताया- यह घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। वारदात के बाद क्षेत्र में दबाव भी था, लेकिन पुलिस टीम ने गुप्त रूप से लगातार काम करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह था पूरा मामला कोलायत निवासी गणेश राणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जुलाई की रात वह रेलवे स्टेशन से कुछ सवारियों को लेकर खाखूसर की ओर जा रहा था। रास्ते में सवारियां बार-बार टैक्सी रुकवाने की बात कह रही थीं। विरोध करने पर आरोपियों ने खाखूसर के पास उसकी आंखों में मिर्च डाल दी। मारपीट की और उसे टैक्सी से नीचे उतारकर वाहन लूटकर फरार हो गए। मामले में एक महिला सहित छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
Source link
टैक्सी लूट के मामले में तीन आरोपियों को दबोचा:पुलिस ने 100 CCTV फुटेज खंगाले, बीकानेर के कोलायत में हाइवे पर लूट हुई थी
