![]()
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध आसूचना शाखा (क्राइम ब्रांच) ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही अवैध शराब की खेप बरामद की है। टीम ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 180 टेट्रा पैक ऑफिसर चॉइस शराब (करीब 32.4 लीटर) बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 23,400 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ट्रेन का कोच अटेंडेंट भी शामिल है। 15203 एक्सप्रेस के एच-1 कोच में हुई कार्रवाई आरपीएफ क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर रणजीत यादव और उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह यादव के नेतृत्व में टीम ने 30 जुलाई को लखनऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी ट्रेन संख्या 15203 के एच-1 कोच में जांच अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर दो यात्रियों के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। बिहार में तस्करी की थी तैयारी प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिहार में लागू शराबबंदी का फायदा उठाकर अवैध रूप से शराब पहुंचाने और उससे मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे। आरपीएफ ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी शिवम जायसवाल और बिहार के बेगूसराय निवासी अंशु कुमार के रूप में हुई है। अंशु कुमार ट्रेन संख्या 15203 में कोच अटेंडेंट के पद पर कार्यरत बताया गया है। जीआरपी को सौंपा गया मामला बरामद शराब और दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई के लिए जीआरपी चारबाग के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जुलाई में छह शराब तस्कर गिरफ्तार आरपीएफ अपराध आसूचना शाखा के अनुसार, जुलाई माह में लखनऊ जंक्शन से बिहार भेजी जा रही अवैध शराब के मामलों में अब तक छह तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरपीएफ का कहना है कि रेलवे परिसर में शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link
लखनऊ जंक्शन पर 32 लीटर शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार:आरपीएफ ने ट्रेन से बिहार भेजी जा रही शराब की खेप पकड़ा, एक कोच अटेंडेंट भी शामिल
