![]()
मैहर जिले के नादन क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजली कार्यालय का घेराव किया। शिवाप्रसाद पंचायत के तलहान टोला में पिछले 20 दिनों से जला ट्रांसफॉर्मर नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में नादन स्थित पावर हाउस पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की। जानकारी के अनुसार, नादन के तलहाल टोला में लगा 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगभग 20 दिन पहले जल गया था। इससे पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों ने पास के दूसरे ट्रांसफॉर्मर से बिजली ली, लेकिन अतिरिक्त भार के कारण वह ट्रांसफॉर्मर भी खराब हो गया। ग्रामीणों की शिकायत पर बिजली कंपनी ने दो दिन पहले एक ट्रांसफॉर्मर तो बदल दिया था, लेकिन पहले से जला ट्रांसफॉर्मर अब तक नहीं बदला गया था। इसी बात से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और वे बड़ी संख्या में बिजली कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। 10% जमा करने पर बदलेगा ट्रासंफॉर्मर सूचना मिलने पर कनिष्ठ अभियंता (जेई) बीके सुमन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र पर लगभग 6.50 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया है। जेई सुमन ने आश्वासन दिया कि यदि उपभोक्ता बकाया राशि का कम से कम 10 प्रतिशत जमा कर देते हैं, तो ट्रांसफॉर्मर बदलने की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी। जेई के आश्वासन और समझाइश के बाद ग्रामीणों ने बकाया राशि का निर्धारित हिस्सा जमा कराने पर सहमति व्यक्त की। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया और स्थिति सामान्य हो गई।
Source link
20 दिन से ट्रांसफॉर्मर खराब, ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय घेरा:मैहर में प्रदर्शन, बकाया बिल जमा करने पर मिलेगा नया ट्रांसफॉर्मर
