![]()
हांसी जिले के गांव खरकड़ा स्थित न्यू सिवानी फीडर पर नहरी पानी चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी है। जेई और कर्मचारी यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सभी फील्ड कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। इसी बीच, हांसी जल सेवा मंडल के कार्यकारी अभियंता अजय कुंडु ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर नहर जल चोरी रोकने वाले अभियानों के दौरान पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। दो दिन पहले किया गया था हमला यह घटना 29 जुलाई की रात को हुई थी, जब जल सेवा उपमंडल पेटवाड़ की टीम न्यू सिवानी फीडर और पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी पर गश्त कर रही थी। टीम नहर से पानी चोरी के लिए लगाए गए अवैध पाइप हटाने पहुंची थी। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, विभागीय कर्मचारियों से मारपीट की, एक अधिकारी को घायल कर दिया, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त किया और विभाग का एक सरकारी मोबाइल फोन नहर में फेंक दिया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जेई जितेंद्र जाखड़ ने इस घटना को सरकारी ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों पर हमला बताते हुए इसे बेहद गंभीर मामला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो सभी फील्ड कर्मचारी हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर होगा आंदोलन : यूनियन प्रधान कर्मचारी यूनियन के प्रधान अशोक यादव ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी दिन-रात नहरी पानी की चोरी रोकने और टेल एंड तक किसानों को सिंचाई का पानी पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रशासन से रात्रि गश्त के दौरान पुलिस मुहैया कराने की मांग उधर, कार्यकारी अभियंता अजय कुंडु ने प्रशासन को भेजे पत्र में कहा है कि नहरी जल चोरी रोकने के दौरान कर्मचारियों को अक्सर विरोध, धमकियों और हिंसक घटनाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रात्रि गश्त और जल चोरी विरोधी अभियानों के दौरान विभागीय टीमों को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि कर्मचारी बिना किसी भय के अपनी जिम्मेदारी निभा सकें और किसानों तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सिंचाई का पानी पहुंचाया जा सके।
Source link
हांसी में सिंचाई कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी:विभाग ने मांगी पुलिस सुरक्षा; किसान पर केस दर्ज, दो दिन पहले हुआ था हमला
