![]()
लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क दुर्घटना में कपड़ा व्यापारी राजेंद्र प्रसाद गोयल की 66 वर्षीय पत्नी सीता रानी की मौत हो गई। यह घटना भीरा मेन बाजार में शाम करीब 7 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, सीता रानी भीरा मेन बाजार की सड़क पर किसी काम से जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बिजुआ सीएचसी ले जाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में गम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। भीरा थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि एक बाइक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
Source link
लखीमपुर में कपड़ा-व्यापारी के पत्नी की बाइक टक्कर से मौत:अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित, बाजार में स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
