![]()
जालोर में सोमवार की सुबह करीब 11 बजे से रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। दिनभर घने बादल छाए रहे और बीच-बीच में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद शहर के बस स्टैंड, शिवाजी नगर सहित कई कॉलोनियों, सरकारी स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में पानी भर गया। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर लंबे समय तक पानी जमा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं जालोर के तिलकद्वार क्षेत्र में वेग के साथ पानी बहने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। बारिश के बाद शहर और आसपास के इलाकों में चली ठंडी हवाओं ने मौसम को और अधिक खुशनुमा बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से जिले में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके चलते आगामी दिनों में बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है। हालांकि स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है।
Source link
जालोर में सुबह से रुक-रुक कर रिमझिम बारिश:बादलों से घिरा जालोर का सिरे मंदिर, मौसम सुहावना हुआ
