![]()
शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के श्रीपुर चक्क गांव में हुई मारपीट और लूट की घटना के बाद, पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। परिवार ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और वे खुलेआम घूमकर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। शिशुपाल यादव ने बताया कि 28 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे उनके छोटे भाई अंशुल यादव का गांव के एक होटल में जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया था। इसके कुछ देर बाद 35 से 40 लोग लाठी, कुल्हाड़ी, तलवार, चाकू और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में शिशुपाल के बड़े भाई कल्याण, पिता जशरथ, रामराजा, अंशुल, वीरेंद्र सिंह, प्रेमबाई, बालकुमारी और सर्वेश यादव घायल हुए। आरोप- घर में तोड़फोड़ की गई
शिशुपाल के अनुसार, मारपीट के दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गई। अलमारी से लगभग एक लाख रुपये नकद और महिलाओं के मंगलसूत्र व चांदी के आभूषण छीन लिए गए। प्रेमबाई का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि बालकुमारी, सर्वेश और दिव्यांग रामराजा के सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना की सूचना बदरवास थाने में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत के अनुसार प्रकरण दर्ज नहीं किया। उनका आरोप है कि नामजद आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे वे भय के माहौल में जी रहे हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
शिशुपाल यादव ने एसपी को दिए गए ज्ञापन में सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने, निष्पक्ष कार्रवाई करने, सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि घटना घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव का कहना है कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। यादव पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर हमला किए जाने के संबंध में दर्ज बयान के आधार पर परिहार पक्ष के खिलाफ बलवा की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। उन्होंने बताया कि घायलों की एक्स-रे और मेडिकल रिपोर्ट अभी आना बाकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद यदि आवश्यकता हुई तो मामले में अन्य धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
घर में घुसकर लूट-मारपीट मामले में नहीं पकड़ाए आरोपी:एसपी के पास पहुंचा पीड़ित परिवार; कहा- 40 लोग मारने आए थे, कार्रवाई हो
