![]()
लातेहार के चटनाही रोड स्थित सौम्या मेडिकल में उजागर हुए अवैध गर्भपात कांड में अब कार्रवाई का दायरा तेजी से बढ़ने लगा है। प्रशासनिक जांच के बाद अंचलाधिकारी के आवेदन पर लातेहार थाना में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में मेडिकल संचालक समेत गौतम कुमार पांडे, नागेंद्र यादव, दीपक पासवान, अलका कुमारी और ज्योति कुमारी को नामजद आरोपी बनाया गया है। कांड संख्या 126/2026 के तहत दर्ज इस केस को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई भी शुरू हो सकती है। पूरे नेटवर्क की हो रही है पड़ताल पुलिस अब इस पूरे मामले को सिर्फ एक मेडिकल दुकान तक सीमित नहीं मान रही है। जांच में यह संकेत मिले हैं कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जो लंबे समय से अवैध तरीके से गर्भपात जैसी गंभीर गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। इसी कड़ी में पुलिस हर आरोपी की भूमिका खंगाल रही है। उनके आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, कॉल डिटेल्स, लेन-देन और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का फोकस अब उन कड़ियों पर है, जो इस पूरे गिरोह को जोड़ती हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं जिला प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। साफ कर दिया है कि स्वास्थ्य व्यवस्था के नाम पर इस तरह के गैरकानूनी काम किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में चल रहे अन्य मेडिकल प्रतिष्ठानों की भी जांच तेज कर दी गई है, ताकि कहीं और इस तरह की गतिविधियां संचालित न हो रही हों। प्रशासन की इस सख्ती के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है। अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों पर भी दबाव बढ़ गया है।
Source link
लातेहार में अवैध गर्भपात सेंटर मामले में बड़ी कार्रवाई:सौम्या मेडिकल संचालक समेत पांच पर एफआईआर दर्ज, नेटवर्क की पुलिस कर रही तलाश
