![]()
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पठानकोट और गुरदासपुर जिलों में जारी अवैध माइनिंग पर पंजाब सरकार के प्रति बेहद सख्त रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को एक हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में हर प्रकार की माइनिंग पर पाबंदी जारी रहेगी। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की बेंच ने की। बता दें, 2 हफ्ते पहले भी कोर्ट ने सुनवाई के दौरान अवैध खनन रोकने के लिए डिप्टी कमिश्नर और माइनिंग विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए थे। कोर्ट ने अब सरकार से जवाब मांगा है कि क्या अवैध माइनिंग को पूरी तरह से बंद करवा दिया गया है या यह अभी भी जारी है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि पठानकोट और बॉर्डर एरिया में अवैध खनन पर डिप्टी कमिश्नर द्वारा तैयार स्टेटस रिपोर्ट को शामिल कर सरकार एक हफ्ते में जवाब दाखिल करे। अगली सुनवाई 17 अगस्त को तय की गई है। हाईकोर्ट ने साफ चेतावनी दी है कि यदि आदेशों के बाद भी अवैध खनन जारी पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाएगी। सुरक्षा को बताया था खतरा तो ईडी ने की थी रेड कुछ समय पूर्व ही कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट अवैध माइनिंग से देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसी सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय ने पठानकोट में 4 दिनों तक डेरा डालकर 16 ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें 1.75 करोड़ रुपये जब्त किए गए और कई क्रशर कारोबारियों के बैंक खाते सील कर दिए गए। राजनीतिक घमासान: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद भी माफिया बेलगाम – भाजपा एक तरफ जहां अदालत का डंडा चला है, वहीं दूसरी तरफ इस मुद्दे पर राजनीति भी गरमा गई है। जिला भाजपा प्रवक्ता योगेश ठाकुर ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा प्रवक्ता योगेश ठाकुर ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की भारी सख्ती के बावजूद पठानकोट में माइनिंग माफिया पूरी तरह बेलगाम है और काम बंद करने को तैयार नहीं है। आरोप लगाया कि बारिश के सीजन में हर तरह की माइनिंग पर सरकारी पाबंदी होने के बावजूद रावी बेल्ट के बेहड़ियां, कीड़ियां, अदालतगढ़ और चक्की दरिया के भदरोआ में धड़ल्ले से अवैध खनन जारी है। यह सब राजनीतिज्ञों, पुलिस प्रशासन और माइनिंग विभाग की नाक के नीचे हो रहा है। ठाकुर ने आप सरकार पर दागे तीखे सवाल योगेश ठाकुर ने कहा कि चक्की दरिया में भदरोआ के पास हजारों ट्रक माल अवैध रूप से निकालकर बेचा गया, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई जांच नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी अवैध माइनिंग रोककर हजारों करोड़ का राजस्व जुटाने के दावे करती थी, लेकिन आज स्थिति यह है कि अवैध माइनिंग को रोकने में सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है और इसके जरिए नेताओं की जेबें भरी जा रही हैं।
Source link
पठानकोट-गुरदासपुर में अवैध माइनिंग पर हाईकोर्ट सख्त:पंजाब सरकार से एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट, 17 को फिर सुनवाई, भाजपा बोली-सख्ती के बाद भी बेलगाम माफिया
