![]()
जौनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार दोपहर एक बजे दूल्हे आजाद बिंद की बहन सौम्या बिंद ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने तरसावा मोड़ पर एक स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। सौम्या बिंद ने अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि तरसावा मोड़ पर पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां बिना किसी भूमि विवाद के पुलिस चौकी का निर्माण किया जा सकता है। यह स्थान पुलिस चौकी के लिए अत्यंत उपयुक्त है और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायक होगा। वर्तमान में, गांव से संबंधित थाना लगभग 8-9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में अधिक समय लगता है, जिससे आम जनता को परेशानी होती है। प्रस्तावित पुलिस चौकी से तरसावा मोड़ ही नहीं, बल्कि आसपास के 10-15 गांवों के हजारों लोगों को सुरक्षा का लाभ मिलेगा। हत्या के मुकदमे की सुनवाई सौम्या बिंद ने अपनी अन्य मांगों में कहा कि उनके भाई की हत्या के मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि उन्हें शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने अपने और पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की, क्योंकि उन्हें लगातार भय का वातावरण महसूस हो रहा है। सौम्या बिंद ने अपनी सुरक्षा की आवश्यकता को देखते हुए नियमानुसार शस्त्र लाइसेंस शीघ्र प्रदान करने का अनुरोध किया। वृक्षारोपण के लिए उपलब्ध इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपने पिताजी की आर्थिक एवं शारीरिक स्थिति को देखते हुए उनके जीवन-यापन के लिए उपयुक्त रोजगार, पट्टा अथवा अन्य आजीविका का साधन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने यह भी मांग की कि उनके घर के पीछे स्थित नवीन परती भूमि बागवानी एवं वृक्षारोपण के लिए उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनका परिवार आत्मनिर्भर बन सके।
Source link
भाई की हत्या के बाद बहन ने लगाई गुहार:जौनपुर मे तरसावा मोड़ पर पुलिस चौकी, फास्ट ट्रैक ट्रायल और सुरक्षा की मांग
