Headlines

इंदौर में बेखौफ कार चोरों का आतंक:राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में तीन वारदात, एक ही मॉडल की कार ले गए चोर; पुलिस तलाश में जुटी




इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के विज्ञान नगर और दामोदर नगर से एक हफ्ते में तीन स्विफ्ट कार चोरी हो गई हैं। ताजा मामला वीआईपी परस्पर नगर का है, जहां बेखौफ बदमाश 28 जुलाई की रात स्विफ्ट कार चोरी कर फरार हो गए। चोरी से पहले आरोपियों ने इलाके की डीपी से बिजली बंद कर दी, जिससे कॉलोनी के कैमरे बंद हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक वीआईपी परस्पर नगर निवासी मुकुल कुमार त्यागी सप्लायर का काम करते हैं। उन्होंने अपनी मारुति स्विफ्ट कार (HR51BQ5100) 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे सिद्धेश्वर महादेव मंदिर की दीवार के पास खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वे बाहर आए तो कार मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद उन्होंने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। डीपी से बिजली बंद कर दिया वारदात को अंजाम प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले इलाके की डीपी से बिजली सप्लाई बंद की, ताकि कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे बंद हो जाएं। इसके बाद उन्होंने स्विफ्ट कार चोरी की और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी दूसरी कार से आए थे। कॉलोनी के कैमरों में उनकी गतिविधियां कैद नहीं हो सकीं, लेकिन बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में एक चौराहे से चोरी की कार गुजरती हुई दिखाई दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। इसी इलाके से दो और स्विफ्ट कारें चोरी राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में स्विफ्ट कारों को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार विज्ञान नगर और दामोदर नगर से भी दो स्विफ्ट कार चोरी होने की शिकायतें मिली हैं। इन मामलों में भी जांच जारी है। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों के बीच कड़ी तलाश की जा रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *