![]()
सरगुजा में 14 साल की नाबालिग आदिवासी छात्रा से रेप करने के आरोपी उप सरपंच के पति को बिहार के पटना में पकड़ा गया है। उसे अंबिकापुर लाने के लिए सरगुजा पुलिस पटना रवाना हो गई हैै। आरोपी घटना के दो दिन बाद फरार हो गया था। एक दिन पूर्व ही सर्व आदिवासी समाज ने आरोपी के गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया था। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की 7वीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के साथ 20 जुलाई को उप सरपंच के पति तरुण कुमार जायसवाल ने रेप किया था। छात्रा सुबह-शाम उप सरपंच के घर काम करती थी और खाना भी बनाती थी। पीड़िता के अनुसार तरुण जायसवाल ने उसे मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दो बार रेप किया। पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की तो मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। आरोपी ने 21 जुलाई को छात्रा के पिता को 8 लाख रुपये देने का ऑफर दिया और एक पंचनामा भी तैयार कराया। आरोपी ने पीड़िता के परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। FIR दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीण तो फरार हो गया था आरोपी
22 जुलाई को करीब 100 की संख्या में ग्रामीण कोतवाली थाने पहुंचे और तरूण कुमार जायसवाल के खिलाफ FIR दर्ज कराई। इस दौरान आरोपी अंबिकापुर के चोपड़ापारा स्थित अपने फ्लैट में था, जिसे पकड़ने पुलिस पहुंची थी। चोपड़ापारा से आरोपी फरार हो गया था। आरोपी अंबिकापुर से भागने के दौरान सूरजपुर के रनहत में अपने ससुराल में गाड़ी छोड़कर भाग निकला था। सरगुजा SSP राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी। पुलिस ने आरोपी के लाइसेंसी 12 बोर बंदूक को भी जब्त किया था। सर्व आदिवासी समाज ने पुलिस पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए बुधवार को एसपी कार्यालय का घेराव किया था और आरोपी का सुराग देने वाले को एक लाख रुपये देने की घोषणा की थी। महिला मित्र के साथ पकड़ा गया आरोपी बिहार पुलिस ने बीती रात रेप के आरोपी तरूण जायसवाल को पटना से हिरासत में लिया है। वह अपने एक महिला मित्र के साथ पटना में छिपा था। पुलिस को आरोपी के साथ उसके महिला मित्र के होने का संदेह हुआ तो पुलिस ने उसके फोन को भी सर्विलांस में डाला था। बुधवार शाम को कुछ समय के लिए आरोपी की महिला मित्र ने फोन चालू किया तो तत्काल पुलिस को उसका लोकेशन मिल गया। इसकी सूचना पटना पुलिस को दी गई। पटना पुलिस ने छापा मारा तो आरोपी अपने महिला मित्र के साथ मिल गया। इसकी सूचना मिलने पर देर रात सरगुजा पुलिस पटना रवाना हो गई है। आरोपी को देर रात तक अंबिकापुर लाए जाने की संभावना है। हालांकि पुलिस अधिकारी फिलहाल इसकी पुष्टि करने से बच रहे हैं। भाजपा-कांग्रेस ने भी किया था प्रदर्शन नाबालिग आदिवासी छात्रा से रेप का फरार आरोपी एक एसडीओपी और एक टीआई का करीबी रिश्तेदार है, जिसके कारण पुलिस पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लग रहा था। इसके पूर्व भाजपा एवं कांग्रेस ने भी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने अंबिकापुर कोतवाली थाने का घेराव भी किया था।
Source link
बिहार में पकड़ा गया रेप का आरोपी उपसरपंच पति:नाबालिग छात्रा से रेप का आरोप, महिला मित्र के साथ पटना में छिपा था आरोपी
