![]()
कांग्रेस के जिला और ब्लॉक पदाधिकारी सहित संगठन-मोर्चा प्रभारियों सहित मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि देश और प्रदेश में सरकार बदलने के लिए हमें अपने पक्ष में 40 प्रतिशत वोट को लक्ष्य रखते हुए काम करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों को लेकर जनता के बीच जाएं। सिंहदेव ने कहा कि आम लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाकर उन्हें कांग्रेस के पक्ष में जोड़ने का प्रयास करें। पीएम को टार्गेट करना होगा निर्णायक सिंहदेव ने कहा कि असफल नोटबंदी, परीक्षा लीक, बेरोजगारी, महंगाई, इथेनॉल, स्मार्ट मीटर और इन सबसे बढ़कर प्रभु श्री राम के मंदिर की चढ़ावा चोरी के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके फैसले जवाबदेह हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें इथेनॉल के लिए गडकरी, परीक्षा लीक के लिए धर्मेंद्र प्रधान और स्मार्ट मीटर के लिए प्रदेश सरकार को लक्ष्य करने के बजाय प्रधानमंत्री को लक्ष्य करना चाहिए। बूथ लेबल पर संवाद जरूरी बूथ कमेटी स्तर तक जन संवाद के तरीकों को समझाते हुए निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने कहा कि राजनीति सेवा का क्षेत्र है। इसके माध्यम से अंतिम श्रेणी के व्यक्ति का विकास ही कांग्रेस का लक्ष्य है, लेकिन इसके लिए सत्ता जरूरी है और सत्ता के लिए मतदाता से सुचारू संवाद की आवश्यकता है। अगर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित हुआ तो हम न केवल सत्ता को प्राप्त करेंगे साथ ही समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति के वास्तविक विकास को करने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि इस सरकार के प्रति जनता में बहुत असंतोष है। कार्यकर्ता लोगों से लगातार संपर्क करें और उन्हें कांग्रेस की उन नीतियों के बारे में बताएं, जो पार्टी ने सत्ता में रहते हुए लागू की थीं। साथ ही यह भी बताएं कि सरकार बनने पर कांग्रेस आगे क्या काम करेगी। प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि हर स्तर की इकाई में संगठनात्मक ढांचे में मौजूद व्यक्ति के जिम्मेदारी को तय करने के साथ ही साथ उन्हें जिम्मेदारी निर्वहन में मार्गदर्शन करने से वो इकाई लक्ष्य में सफल होगी। स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि स्मार्ट मीटर के विरोध में पिछले तीन दिनों से चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों का अच्छा समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की ओर से जारी किए गए फार्म को भरने में उपभोक्ताओं ने काफी उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर पर हमारे द्वारा चिपकाए जा रहे महतारी वंदन वसूली स्टिकर को महिलाएं आगे बढ़कर खुद स्मार्ट मीटर पर लगा रही हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के समय ऊर्जा मंत्री रहते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अंबिकापुर शहर और सरगुजा जिले में बिजली व्यवस्था बेहतर करने के लिए कई छोटे-बड़े सबस्टेशन बनाने की योजनाओं को मंजूरी दिलाई थी। इन योजनाओं के लिए फंड भी स्वीकृत किया गया था, लेकिन अब उन्हें वापस कर दिया गया है। आज शहर सहित जिले के नागरिक घंटों घोषित-अघोषित बिजली कटौती को झेलते हुए भी स्मार्ट मीटर की वजह से बढ़ा हुआ बिल अदा कर रहे हैं। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एग्री स्टेट पंजीकरण की कठिनाइयों से निपटने में सहायता, राशन वितरण की अव्यवस्था और पंचायत व वार्ड स्तर तक शासकीय योजनाओं के लाभ को पहुंचाने के लिए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को तथ्यात्मक जानकारी दी। कांग्रेस महामंत्री अनूप मेहता ने संगठन में सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों के उपयोग के साथ ही मीडिया से संवाद और कांग्रेस के कार्यक्रमों पर आधारित नवीन व्यवस्था कनेक्ट कांग्रेस की प्रक्रिया को समझाया। कार्यशाला की पूरी प्रक्रिया व्याख्यान और सवाल जवाब पर आधारित थी। वर्कशॉप करीब 5 घंटे चली।
Source link
टीएस बोले-सरकार बदलने के लिए 40% वोट का लक्ष्य रखें:कहा- केंद्र-राज्य सरकारों की विफलता के लिए मोदी जिम्मेदार, चढ़ावा चोरी बनेगा मुद्दा
