![]()
पलवल में संयुक्त किसान मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पलवल शुगर मिल की प्रबंध निदेशक द्विजा कुमारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने निदेशक मंडल के चुनाव कराने और गन्ना उत्पादक किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। किसान मोर्चा के नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शुगर मिल के सुचारू संचालन के लिए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की व्यवस्था की गई है। नियमानुसार हर 5 साल के अंतराल पर चुनाव होने चाहिए, लेकिन पिछले लगभग 5 वर्षों से ये चुनाव नहीं कराए गए हैं। मोर्चा ने जल्द से जल्द इन चुनावों को कराने की मांग दोहराई। खाद और कीटनाशक दवाइयां उपलब्ध कराने की मांग किसान नेताओं ने यह भी कहा कि प्रतिवर्ष वार्षिक सामान्य बैठक आयोजित होनी चाहिए, ताकि किसानों की समस्याओं और मिल के आय-व्यय पर चर्चा हो सके। हालांकि, जानकारी के अनुसार लंबे समय से ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है। मोर्चा ने मांग की कि शुगर मिल को इस बार 25 अक्टूबर तक चलाया जाए। इसके साथ ही, शुगर मिल विश्राम गृह में किसानों के ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए और मिल परिसर में ही किसानों के लिए खाद और कीटनाशक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी अन्य मांगों में किसानों के खेतों पर जाकर गन्ने की बॉन्डिंग कराना भी शामिल है। किसान नेताओं ने बताया कि इस वर्ष गन्ने का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। इस पर प्रबंध निदेशक द्विजा कुमारी ने किसान मोर्चा के नेताओं को सभी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। किसान मोर्चा के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि इन मांगों का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र के किसानों को शुगर मिल पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ये लोग रहे मौजूद प्रतिनिधि मंडल में किसान मोर्चा के नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान, रूपराम तेवतिया, ताराचंद प्रधान, दरियाव सिंह, धर्म चन्द घुधेरा, रामवीर चौहान, गिरिराज शर्मा लाडियाका, ठाकुर लाल आर्य, कर्ण सिंह व सुखवीर सिंह चौहान के साथ औरंगाबाद, मीतरोल, दीघौट, गहलब, घोड़ी, कौंडल और अलावलपुर आदि गांवों के किसान शामिल थे।
Source link
पलवल में शुगर मिल प्रबंधन से मिले किसान:मांगों लेकर सौंपा पत्र, बोले-बोर्ड डॉयरेक्टर्स के चुनाव जल्द कराए जाएं
