Headlines

पैसों के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या:तकादा करने पर सीने में मारी गोली, आरोपी घर में छिपा, भीड़ जुटने पर भागा




अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव में रविवार शाम पैसों के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक के सीने में तमंचे से गोली मारी। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। ब्याज के पैसों को लेकर हुआ विवाद गुलड़िया गांव निवासी प्रतिपाल सिंह बजरी-बजरपुट की दुकान चलाते हैं। परिवार में पत्नी नेमवती और दो बेटे प्रशांत व सुधांशु हैं। बताया गया कि सुधांशु भी पिता की दुकान पर काम करता था। उसका घर से करीब 100 मीटर दूर रहने वाले रामपाल सिंह के बेटे अरविंद से पैसों का लेनदेन था। परिजनों के अनुसार, अरविंद ब्याज पर पैसे देने का काम करता है। सुधांशु ने भी उससे ब्याज पर कुछ रकम उधार ली थी, जिसका कुछ पैसा बकाया था। रास्ते में रोककर पैसों का तकादा रविवार शाम करीब 6 बजे सुधांशु घर से बाहर निकला था। आरोप है कि अरविंद के घर के सामने पहुंचने पर उसने सुधांशु से बकाया रकम वापस करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने तमंचा निकालकर सुधांशु को गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी और वह सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में सुधांशु को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उधर, घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर के बाहर जुट गए। भीड़ ने घर को घेर लिया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। गांव में पुलिस तैनात, आरोपी की तलाश सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। पुलिस पैसों के विवाद समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *