Headlines

Bilaspur Robbery Case | Masturi Wine Shop Loot Accused Arrested CCTV Footage



बिलासपुर के मस्तूरी में गतौरा शराब दुकान में हुई लूट के मामले में पुलिस ने घटना के 6 दिन बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR अरपा नदी में फेंक दिया था।

.

शुरुआत में पुलिस को लुटेरों की सिर्फ धुंधली फुटेज मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के भागने वाले रास्ते पर लगे अलग-अलग कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की।

6 दिन तक खंगाले कैमरे

पुलिस की टीम ने लगातार 6 दिनों तक अलग-अलग रूट के CCTV फुटेज चेक किए। इस दौरान कुछ जगहों पर आरोपियों के चेहरे और बाइक का नंबर भी नजर आया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को लालखदान के एक पेट्रोल पंप की फुटेज मिली।

पेट्रोल पंप में हंगामा पड़ा भारी

पेट्रोल पंप की फुटेज में आरोपी देर रात हंगामा करते दिखाई दिए। पुलिस ने इसी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद सोमवार तड़के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों आरोपी देवरीडीह के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश निर्मलकर, अनिल कुमार ध्रुव और पिंटू केंवट के रूप में हुई है। तीनों तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह के रहने वाले हैं और उनकी उम्र 30 साल से कम है।

गार्ड को बंधक बनाकर की थी लूट

घटना 3 अगस्त की तड़के करीब 4 बजे की है। नकाबपोश आरोपी गतौरा शराब दुकान पहुंचे थे। उन्होंने वहां तैनात गार्ड को बंधक बनाकर मारपीट की और चाकू से हमला किया।

लॉकर तोड़ने और जलाने की कोशिश

आरोपियों ने दुकान के अंदर रखे लॉकर को तोड़ने की कोशिश की। लॉकर नहीं खुला तो उन्होंने उसे जलाने का भी प्रयास किया। इसमें सफल नहीं होने पर आरोपी 10 से ज्यादा महंगी शराब की बोतलें लेकर फरार हो गए।

डॉग स्क्वायड से भी जांच

गार्ड की सूचना पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की। एसीसीयू की टीम ने शराब दुकान के पास चखना दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

भागते हुए दिखे थे आरोपी

चखना दुकान के कैमरे में आरोपी तेज रफ्तार से भागते हुए नजर आए, लेकिन फुटेज धुंधली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के भागने वाले रूट पर लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की।

DVR अरपा नदी में फेंका

पुलिस से बचने के लिए आरोपी दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी साथ ले गए थे। भागते समय उन्होंने DVR को अरपा नदी में फेंक दिया, ताकि पुलिस को वारदात की साफ फुटेज न मिल सके।

लूटी शराब पीकर करते थे हंगामा

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी रोज रात शराब पीकर हंगामा करने लगे। शनिवार रात भी उन्होंने लूटी गई शराब पीकर लालखदान के पेट्रोल पंप में हंगामा किया था। इसी दौरान की फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग बनी।

बाइक, चाकू और मोबाइल जब्त

पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक, चाकू और लूटे गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

आबकारी रिपोर्ट में 2 पेटी गोवा व्हिस्की का जिक्र

आबकारी विभाग की ओर से मस्तूरी थाने में दर्ज रिपोर्ट में 2 पेटी गोवा व्हिस्की समेत 10 से ज्यादा शराब की बोतलें और एक स्कैनर मशीन चोरी होने की जानकारी दी गई है।

आरोपियों ने नहीं किया गोवा व्हिस्की का जिक्र

पूछताछ में आरोपियों ने सिर्फ महंगी शराब की बोतलें ले जाने की बात स्वीकार की है। उन्होंने गोवा व्हिस्की और स्कैनर मशीन ले जाने की बात नहीं कही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

आज हो सकता है मामले का खुलासा

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आज पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *