![]()
सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र में एक महिला का पीछा करने, शादी के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 10 अगस्त को करमा थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। आरोप है कि भरुहा निवासी नरेंद्र तिवारी पुत्र यदुवेंद्र तिवारी अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से महिला का पीछा कर रहा था। रास्ते में उसने महिला की स्कूटी रोककर उसका हाथ पकड़ा और शादी करने के लिए दबाव बनाया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर करमा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस टीम ने नरेंद्र तिवारी को भरुहा माइनर के पास उसकी मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने और संज्ञेय अपराध की रोकथाम के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं में आरोपी को गिरफ्तार कर देर शाम न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिली पल्सर मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह और हेड कांस्टेबल विशाल चौहान शामिल रहे।
Source link
महिला का पीछा कर शादी का दबाव बनाने का आरोप:युवक गिरफ्तार, विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
