![]()
शाहजहांपुर में एक नाबालिग लड़की को फोन पर अश्लील बातें करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने लड़की की तस्वीरें खींचकर फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वायरल की हैं। इस संबंध में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह एफआईआर थाना तिलहर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की उम्र करीब 16 साल है। गांव का रहने वाला अमित कुमार नामक युवक अलग-अलग नंबरों से उनकी बेटी के मोबाइल पर कॉल कर अश्लील बातें करता है, गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। शिकायत के अनुसार, आरोपी अमित ने अपने मोबाइल से नाबालिग लड़की की तस्वीरें खींचीं और फिर फर्जी फेसबुक व इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उन पर वायरल कर दिया। इससे लड़की की काफी बदनामी हो रही है। पीड़िता की मां ने बताया कि उन्होंने आरोपी के परिवार से भी शिकायत की थी, लेकिन अमित नहीं माना। वह निगोही थाना क्षेत्र के रहने वाले अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अभी भी लड़की के फोटो और वीडियो वायरल कर उसे बदनाम कर रहा है। पीड़िता के अनुसार, उनकी बेटी इस घटना के कारण काफी मानसिक तनाव में है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी अमित कुमार और उसके तीन साथियों सहित कुल चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
Source link
शाहजहांपुर में नाबालिग से अश्लील बातें,जान से मारने की धमकी:फर्जी आईडी से फोटो-वीडियो वायरल करने पर चार के खिलाफ FIR
