![]()
पंजाब में बीज घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार समेत मामले से जुड़े सभी पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 28 सितंबर को होगी। यह याचिका होशियारपुर निवासी मंजीत सिंह और किसान नेता चरणजीत सिंह भुल्लर ने दायर की है। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि पंजाब में बीज वितरण के नाम पर बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई। खास तौर पर मक्की के बीज की खरीद और वितरण में फर्जी बिल तैयार किए जाने का आरोप लगाया गया है। बीज दिए बिना रिकॉर्ड में वितरण दिखाया याचिकाकर्ताओं का कहना है कि कई किसानों को वास्तव में बीज उपलब्ध नहीं कराया गया, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में यह दर्ज कर दिया गया कि किसानों को बीज बांट दिया गया है। इसी तरह बीज की खरीद और वितरण से जुड़े दस्तावेजों में कथित तौर पर फर्जी बिलिंग की गई। याचिकाकर्ताओं के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया में करोड़ों रुपये की कथित गड़बड़ी हुई। उनका दावा है कि यह मामला पिछले वर्ष सामने आया था और फिलहाल होशियारपुर जिले के दसूया क्षेत्र से जुड़ी जानकारी सामने आई है। विजिलेंस को शिकायत कार्रवाई नहीं हुई याचिकाकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने इस मामले की जांच की मांग को लेकर पंजाब विजिलेंस विभाग के सामने भी शिकायत दी थी। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने हाई कोर्ट का रुख किया और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि अभी तक जो मामला सामने आया है, वह केवल होशियारपुर के दसूया क्षेत्र तक सीमित है। यदि पूरे पंजाब में बीज वितरण से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जाए तो कथित गड़बड़ी का दायरा और बड़ा हो सकता है। उन्होंने अदालत से मांग की है कि बीज की खरीद, वितरण, किसानों के रिकॉर्ड और बिलों की स्वतंत्र जांच कराई जाए। हाईकोर्ट का सभी पक्षों को नोटिस हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब सरकार और अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है। सरकार का जवाब आने के बाद मामले की आगे सुनवाई होगी। अगली सुनवाई 28 सितंबर को होगी।
Source link
पंजाब बीज घोटाला-हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जबाव:CBI जांच को लेकर जनहित याचिका दायर; मक्की बीज की फर्जी बिलिंग का आरोप
