Headlines

रीवा में रक्षाबंधन से पहले मिलावट पर शिकंजा:डेयरी कारखानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी; भारी अनियमितता मिली




रीवा में रक्षाबंधन से पहले मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के अलग-अलग डेयरी प्रतिष्ठानों और कारखानों में अचानक जांच की। रोसर स्थित रम्पत डेयरी के कारखाने में टीम के पहुंचते ही संचालक रामपति यादव ने टीम के सदस्यों को बाहर रोक दिया। इसके बाद अंदर जाकर संदिग्ध मावा कारखाने के पीछे खेत में कटीली झाड़ियों में छिपा दिया। टीम को संचालक की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो सदस्यों ने अंदर जाकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कारखाने के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया मावा बरामद हो गया। प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने पर मावे को जब्त कर लिया गया। टीम ने कारखाने में तैयार किए जा रहे मावा और दही के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। शगुन डेयरी से पनीर-मावा के नमूने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुठुलिया मोड़ स्थित शगुन डेयरी में भी जांच की। यहां से पनीर और मावा के नमूने लिए गए हैं। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। बालकृष्ण डेयरी में मिला मावा का स्टॉक नेहरू नगर स्थित बालकृष्ण डेयरी में जांच के दौरान टीम को मावा का स्टॉक मिला। संचालक सच्चिदानंद पांडे से पूछताछ में उन्होंने बताया कि मावा उनके कारखाने में तैयार नहीं हुआ है, बल्कि मानिकपुरा के व्यापारी मातादीन से खरीदकर रक्षाबंधन के लिए स्टॉक किया गया है। टीम ने मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए जिले में मिलावट के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। रोसर की रम्पत डेयरी में जांच के दौरान संदिग्ध मावा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा मावा, दही और पनीर के नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *