![]()
कोटा शहर पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए आज दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो बदमाशों को अवैध देशी कट्टों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके इस्तेमाल को लेकर पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। पहली कार्रवाई भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चंबल रेलवे ब्रिज स्थित पुराने पंप हाउस के पास दबिश देकर 23 वर्षीय शुभम उर्फ बच्चा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी हथियार रखने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरी कार्रवाई में कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने गोपाल धाम कॉलोनी मुख्य मार्ग से नयापुरा थाने के हार्डकोर और हिस्ट्रीशीटर बदमाश शाहरुख उर्फ सोनू को एक अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी वारदात की फिराक में हथियार लेकर खड़ा है। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से देशी कट्टा बरामद हुआ। कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। दोनों आरोपियों से हथियार कहां से लाए गए, किसे सप्लाई किए जाने थे और किसी वारदात की साजिश तो नहीं थी, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उनका कहना है कि शहर में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
वारदात की फिराक में घूम रहे दो बदमाश गिरफ्तार:दो देशी कट्टे और एक जिंदा कारतूस जब्त,भीमगंजमंडी और कुन्हाड़ी पुलिस की कार्रवाई
