![]()
अलवर सेंट्रल जेल में आकस्मिक तलाशी के दौरान एक विचाराधीन बंदी की हाफ पैंट से चालू हालत में कीपैड मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुआ। जेल प्रशासन की ओर से मामले में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कराई गई है। साथ ही मोबाइल का इस्तेमाल किसी अवैध गतिविधि में होने की आशंका को लेकर जांच और सीडीआर डिटेल मांगी गई है। जेल प्रशासन के अनुसार 14 अगस्त की रात करीब 12:10 बजे अधीक्षक के निर्देश पर कारापाल पवन डउकिया की मौजूदगी में वार्ड नंबर-3 की बैरक नंबर-1 में बंदियों की आकस्मिक तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान नीमराणा थाने के एक हत्या के मामले में बंद विचाराधीन बंदी सचिन पुत्र भूपसिंह निवासी घीलोठ की हाफ पैंट से एक कीपैड मोबाइल फोन मिला। मोबाइल चालू हालत में था और उसमें एयरटेल का सिम लगा हुआ था। बरामदगी की मौके पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। जेल प्रशासन ने मोबाइल और सिम को जब्त कर सफेद कपड़े की थैली में पैकेट बनाकर सील कर दिया। इसके बाद बंदी के खिलाफ कारागार अधिनियम की धारा 42 के तहत कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दी गई। अब पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि जेल में प्रतिबंधित मोबाइल का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इससे किसी अवैध गतिविधि का संबंध तो नहीं है।
Source link
जेल में बंद कैदी की पैंट से मिला मोबाइल:अवैध गतिविधि में इस्तेमाल होने की आशंका, देर रात अचानक ली थी तलाशी
