Headlines

सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, पत्नी गंभीर:हजारीबाग में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम




हजारीबाग के केरेडारी-बड़कागांव मेन रोड पर देसवारी के समीप देर शाम हुए सड़क हादसे में पिता और उनकी एक वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतकों की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू निवासी मो. आसीन और उनकी एक वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मो. आसीन पत्नी और बेटी के साथ बाइक से अपने ससुराल जोको (केरेडारी) जा रहे थे। इसी दौरान देसवारी के पास केरेडारी की ओर से बड़कागांव जा रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मो. आसीन और उनकी पुत्री को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया। पहले केरेडारी चौक फिर बसरिया मोड़ जाम देर रात हुए हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने पिता-पुत्री के शवों को केरेडारी चौक पर रखकर मुख्य सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि बाइक को क्षेत्र में संचालित किसी कंपनी के वाहन ने टक्कर मारी है। वे फरार चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय और सरकारी मुआवजे की मांग करते रहे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास करते रहे। रात में प्रदर्शन के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। सुबह मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जाम स्थल बदल दिया। अब कड़वे बसरिया मोड़ को जाम कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से कंपनी की गाड़ियां लगातार गुजरती हैं, इसलिए उन्होंने इसी स्थान पर आवागमन रोक दिया। NTPC BGR की गाड़ियों से हो रही परेशानी जानकारी के मुताबिक कड़वे बसरिया मोड़ पर जाम के बाद इस रूट पर कंपनी के वाहनों समेत अन्य वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में शामिल वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका आरोप है कि कंपनी की गाड़ियों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर पहले भी चिंता बनी रही है। इसी वजह से ग्रामीण अब सीधे उस रास्ते को रोके हुए हैं, जहां से NTPC BGR कंपनी की गाड़ियां गुजरती हैं। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से वार्ता जारी है। फिलहाल जाम के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *