![]()
बरेली में सावन की कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-आला हजरत को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा कि कांवड़ यात्रा में डीजे और झांकी की कुल ऊंचाई वाहन समेत 12 फीट से अधिक नहीं होगी। किसी भी तरह की नई परंपरा या तय रूट से अलग आयोजन की अनुमति नहीं मिलेगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही कांवड़ मार्गों पर गड्ढे, लटकते बिजली के तार, जलभराव और अन्य कमियों को यात्रा शुरू होने से पहले ठीक करने के निर्देश दिए गए।
बुधवार को पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन और जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में कांवड़ यात्रा और 7, 8 व 9 अगस्त को होने वाले उर्स-ए-आला हजरत की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, जत्थेदारों और उर्स कमेटी के सदस्यों ने हिस्सा लिया। लोगों ने गिनाईं सड़क और बिजली की समस्याएं
बैठक में लोगों ने कई स्थानीय समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। रोडवेज के सामने पेड़ों में उलझे बिजली के तारों को कटवाने की मांग की गई। लोगों ने बताया कि पेड़ों की वजह से तार दिखाई नहीं देते और बसों के संपर्क में आने का खतरा बना रहता है।
मोहनपुर रोड पर राठौर चक्की के पास आधी सड़क कच्ची होने और नाले का पानी भरने, लाल फाटक पुल की सर्विस रोड पर गड्ढे भरने, तपेश्वर नाथ मंदिर के सामने सड़क दुरुस्त कराने और वनखंडीनाथ मंदिर रोड से ट्रांसफार्मर हटाने की भी मांग उठी। 12 फीट से ऊंचा डीजे नहीं, तय रूट से ही निकलेंगे जत्थे
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा में कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। नगर निगम, नगर पालिका और जिला पंचायत को यात्रा मार्गों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिस विभाग की सड़क खराब है, वह उसे समय रहते ठीक कराए। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि डीजे और झांकी की कुल ऊंचाई वाहन समेत 12 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। सभी जत्थे परंपरागत रूट से ही निकलेंगे। जत्थेदारों को यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित थाने को सूचना देनी होगी। डीजे पर ऐसे गाने नहीं बजेंगे, जिनसे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। हर गांव पहुंचेगी पुलिस, हर जत्थे पर रहेगा नोडल अधिकारी
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अगले कुछ दिनों में हर गांव में पुलिस का एक सिपाही जाकर जानकारी जुटाएगा कि कितने जत्थे निकलेंगे और उनका रूट क्या रहेगा। हर जत्थे के लिए पुलिस की ओर से नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। डिवाइडर के कट बंद कराए जाएंगे, टूटे या झुके पेड़ हटाए जाएंगे और खुले ट्रांसफार्मर व लटकते बिजली के तारों को सुरक्षित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर स्टंटबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। कांवड़ शिविर सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर लगाए जाएं। शिविरों में फायर सेफ्टी के इंतजाम हों, स्वयंसेवकों को पहचान पत्र दिए जाएं, महिलाओं के लिए अलग शौचालय बनाए जाएं और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं। बाहर से डीजे बुलाने पर उसकी सूचना पहले से थाने में देनी होगी।
बारिश को देखते हुए सफाई और जलभराव पर भी जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार श्रावण के सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ रहे हैं, जबकि 7 से 9 अगस्त तक उर्स-ए-आला हजरत होगा। दोनों बड़े आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बरेली-बदायूं मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। बारिश को देखते हुए नगर निगम को नालों और नालियों की सफाई कराने, लटकते बिजली के तार हटाने और रास्ते में पड़े ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट कराने के निर्देश भी दिए गए। भंडारा आयोजकों से सड़क पर कूड़ा न फैलाने की अपील की गई। अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। सभी धार्मिक संगठनों, जत्थेदारों और उर्स कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देवयानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी बहेड़ी ईशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा, सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के जत्थेदार और उर्स कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
Source link
कांवड़ यात्रा में 12 फीट से ऊंचा डीजे नहीं चलेगा:डीएम-एसएसपी की दो टूक, नए रूट और नई परंपरा पर भी रोक
