![]()
पठानकोट शहर और इसके आसपास के इलाकों में झपटमारों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि अब महिलाएं और आम नागरिक दिन के उजाले में भी अपने घरों से निकलने में कतराने लगे हैं। पुलिस की सुस्ती और गश्त की ढिलाई का फायदा उठाकर ‘स्नेचर गैंग’ एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहा है। हालिया 48 घंटों के भीतर ही दो अलग-अलग जगहों पर दिन-दिहाड़े झपटमारी की वारदातें सामने आई हैं। इसके साथ ही बीते 9 दिनों के भीतर शहर में स्नेचिंग की वारदातों का आंकड़ा बढ़कर 5 तक पहुंच गया है। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। वारदात-2: अरीना गुलशन पैलेस के पास महिला से सोने की चेन झपटी सलारिया नगर के रहने वाले पवन अपनी पत्नी सुमन के साथ मोटरसाइकिल PB-35-AK-6225 पर सिंबल चौक की तरफ जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे अरीना गुलशन पैलेस के पास काले रंग की बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने चलती बाइक पर ही सुमन के गले में पहनी 8 ग्राम सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया। सिंबल चौक पर भारी ट्रैफिक के कारण भागते समय बदमाशों से चैन का लॉकेट तो सड़क पर गिर गया, लेकिन लुटेरे आधी चैन लेकर फरार होने में कामयाब रहे। वारदात-2: पुल नंबर 5 के पास मां-बेटे को घेरकर बाली झपटी प्रीत नगर (पठानकोट) निवासी सौरव अपनी मां नीलम के साथ स्कूटी (PB 35 AD 8557) पर सुजानपुर जा रहा था। सुबह करीब 11:30 बजे झोटेपुर के पास पीछे से आए स्प्लेंडर बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी के पास अपनी बाइक सटाई और नीलम के दाहिने कान की सोने की बाली उखाड़कर फरार हो गए। पिछले 9 दिनों में हुई स्नेचिंग की अन्य प्रमुख वारदातें: 13 अगस्त (मॉडल टाउन): सुजानपुर (चक्क फूल प्यारा) की सीता देवी अपनी बेटी के साथ प्राइमरी स्कूल के पास सैर कर रही थीं। एक्टिवा सवार दो लुटेरे कान से सोने की बाली झपटकर फरार हो गए। थाना डिवीजन नं. 2 में मामला दर्ज है। 12 अगस्त (एयरफोर्स स्टेशन रोड): मिलिट्री अस्पताल से लौट रही जमालपुर कॉलोनी निवासी महिंद्रो देवी के कान से बाइक सवार दो युवकों ने बाली झपट ली। इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 9 अगस्त (टैंक चौक से सुजानपुर रोड): इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार दो युवकों ने अपनी बेटी के साथ जा रही गांव घो की रेखा रानी के कान से सोने की बाली झपटी थी। प्रशासन की नाकामी पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्यापार मंडल के वरिष्ठ सदस्यों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले भर में सुरक्षा का दावा किया जा रहा था, लेकिन हकीकत यह है कि बेखौफ लुटेरे पुलिस की नाक के नीचे वारदातों को अंजाम देकर आसानी से निकल रहे हैं। वार्ड 3 निवासी विक्रम सहित अन्यों का कहना है कि पुलिस का काम अब केवल कागजी खानापूर्ति और वारदात के बाद CCTV कैमरे खंगालने तक सिमट कर रह गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गश्त बढ़ाई जाए और इन गिरोहों को सलाखों के पीछे भेजा जाए ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
Source link
पठानकोट में 'स्नेचर गैंग' का बढ़ा आतंक:48 घंटे में दो और वारदातें, 9 दिन में 5 महिलाएं बनीं झपटमारों का निशाना
