Headlines

हांसी का नया लोगो तैयार, हर अक्षर में इतिहास:एडीसी ने 3 महीने में बनाया, सीएम सैनी को भेंट किया




हांसी शहर के लिए एक नया लोगो तैयार किया गया है, जो हरियाणा का 23वां जिला बनने के बाद शहर की विशिष्ट पहचान को दर्शाता है। इस लोगो की खासियत यह है कि इसके हर अक्षर में हांसी के इतिहास, संस्कृति, कृषि, वीरता और आधुनिक विकास की झलक समाहित है। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) लक्षित शरीन ने लगभग तीन महीने की मेहनत से इसे तैयार किया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यह लोगो मुख्यमंत्री नायब सैनी को भेंट किया गया, जिन्होंने इसकी सराहना की। एडीसी लक्षित शरीन ने बताया कि लोगो को अंतिम रूप देने के लिए समग्र शिक्षा के तहत विभिन्न स्कूलों के बच्चों से हांसी के इतिहास और पहचान से संबंधित पेंटिंग बनवाई गईं। इन पेंटिंग के आधार पर ही लोगो का डिजाइन तैयार किया गया। यह भी बताया गया कि पूरा लोगो हाथ से बनाया गया है और इसमें किसी भी प्रकार की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) या डिजिटल डिजाइन का उपयोग नहीं किया गया है। लोगो में शामिल प्रत्येक अक्षर हांसी के विभिन्न पहलुओं को दर्शाता है H अक्षर: हांसी के ऐतिहासिक असीगढ़ किले का प्रतीक है, जो शहर की एक प्रमुख पहचान है। A अक्षर: राखीगढ़ी की हड़प्पाकालीन सभ्यता को प्रदर्शित करता है। N अक्षर: हांसी की कृषि और सब्जी उत्पादन, विशेषकर हरी मिर्च और गोभी को दर्शाता है। S अक्षर: शहर की लगभग 150 वर्ष पुरानी पेड़ा और मिठाई बनाने की परंपरा को समर्पित है। I अक्षर: 1857 की क्रांति, शहीद स्मारक और हांसी के वीरों के बलिदान की याद दिलाता है। इसमें 19 जनवरी 1858 को लाल हुकमचंद जैन, फकीरचंद और मिर्जा मुनीर बेग को फांसी दिए जाने का ऐतिहासिक संदर्भ भी शामिल है। इंटीग्रेटेड ड्रोन सिटी का प्रतीक लोगो के शीर्ष पर बना ड्रोन सिसाय में विकसित की जा रही इंटीग्रेटेड ड्रोन सिटी का प्रतीक है। इस ड्रोन सिटी में कृषि, रक्षा और औद्योगिक उपयोग के लिए ड्रोन तैयार किए जाएंगे। एडीसी ने बताया कि इस लोगो के माध्यम से हांसी के प्राचीन इतिहास से लेकर आधुनिक विकास तक को एक साथ दर्शाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही शहर के विभिन्न स्थानों पर इस लोगो की पेंटिंग बनवाई जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों और नई पीढ़ी को हांसी की समृद्ध विरासत और पहचान के बारे में जागरूक करना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *