Headlines

पंजाबी यूनिवर्सिटी में पुलिस से भिड़े छात्र:'जागो' निकालने के दौरान झड़प, फीस बढ़ोतरी का विरोध कर रहे थे




पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी में छात्रों का अपनी मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से चल रहा धरना बुधवार रात हिंसक हो गया। वाइस चांसलर के खिलाफ ‘जागो’ निकालने के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिससे परिसर में तनाव बढ़ गया। छात्र फीस बढ़ोतरी वापस लेने और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने बुधवार रात वाइस चांसलर के खिलाफ ‘जागो’ निकालने का आह्वान किया था, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इसकी अनुमति नहीं दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जब छात्र ‘जागो’ लेकर आगे बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों की आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है। छात्र यूनियन के नेता गुरदास सिंह ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने फीस बढ़ोतरी में कुछ प्रतिशत कटौती का आश्वासन दिया है, लेकिन छात्रों ने इसे अस्वीकार कर दिया है। उनका कहना है कि फीस में अभी भी काफी वृद्धि है, जिसे एक सामान्य परिवार का बच्चा वहन नहीं कर सकता। गुरदास सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि फीस के अलावा हॉस्टलों की हालत और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी यूनिवर्सिटी प्रशासन गंभीर नहीं है। छात्रों का कहना है कि वे इन्हीं मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस बल तैनात कर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। फिलहाल, छात्रों ने आज दिन में दोबारा एकजुट होकर प्रदर्शन करने और आगे की रणनीति तय करने का फैसला किया है। इसके चलते पंजाबी यूनिवर्सिटी परिसर में छात्रों का आंदोलन जारी रहने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *