Headlines

रायपुर में करंट लगने से मां-बेटे की मौत:कूलर से जीआई पाइप में फैला था करंट, पुलिस ने शुरू की जांच




रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर में शुक्रवार दोपहर करंट लगने से मां-बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब 54 वर्षीय कल्याणी यादव बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थीं। कपड़े उतारने के दौरान उन्होंने जैसे ही जीआई पाइप को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गईं। मां को करंट से चिपका देख उनका 23 वर्षीय बेटा मधुसूदन यादव उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक कल्याणी यादव मूल रूप से धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार गांव में कृषि कार्य करता है। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। कल्याणी अपने बेटे मधुसूदन के साथ बेटी से मिलने रायपुर आई थीं। कूलर के करंट से पाइप और रेलिंग में फैला करंट प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान की बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था। इसी पाइप पर कपड़े सुखाए जा रहे थे। आशंका है कि कूलर में करंट आने के बाद वह जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग में भी फैल गया। शुक्रवार दोपहर कल्याणी कपड़े लेने बालकनी में पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने पाइप को छुआ, उन्हें तेज करंट लगा और वह वहीं चिपक गईं। मां को बचाने के लिए मधुसूदन तुरंत उनकी ओर दौड़ा। उसने जैसे ही मां को पकड़ने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में कूलर से करंट फैलने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और बिजली के कनेक्शन की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *