Headlines

जामताड़ा में धार्मिक टिप्पणी पर बवाल:युवक का घर घेरा, तोड़फोड़ के बाद पुलिस वाहन पर हमला; रातभर तनाव,बातचीत से सुलझा मामला




जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में धार्मिक टिप्पणी को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव का मामला शनिवार रात हिंसक हो गया। थानारडीह गांव में एक युवक भूदेव महतो के घर पर हजारों की भीड़ ने हमला कर दिया। घर में जमकर तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त किया गया। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व अभद्र व्यवहार हुआ। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। विवाद की शुरुआत 21 अगस्त शुक्रवार को कुरुवा के साप्ताहिक हाट से हुई थी। आरोप है कि अफरोज आलम नामक व्यक्ति ने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हिंदू समुदाय के एक संगठन की शिकायत पर 22 अगस्त शनिवार को पुलिस ने अफरोज आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद थानारडीह निवासी भूदेव महतो ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक विशेष समुदाय की धार्मिक मान्यताओं को लेकर टिप्पणी कर दी। इससे आक्रोशित लोग उसके घर पहुंच गए। बिजली काटकर घर घेरा, भीड़ ने की तोड़फोड़ शनिवार रात नावाडीह पंचायत के थानारडीह गांव में बड़ी संख्या में लोग भूदेव महतो के घर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने घर को घेर लिया। जमकर तोड़फोड़ की। जिससे मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि हमले से पहले गांव की बिजली काट दी गई थी। अंधेरे का फायदा उठाकर भीड़ ने घर पर धावा बोला। भूदेव की पत्नी ममता देवी ने आरोप लगाया कि भीड़ में शामिल 8 से 10 लोग घर के अंदर घुस आए। उन्होंने बंदूक की नोक पर 50 हजार रुपए नकद और घर में रखा सामान लूटने, साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। भूदेव की मां पौधा देवी ने कहा कि भीड़ अचानक घर में घुस गई और मारपीट करने लगी। घर का सामान तोड़ दिया गया और धमकी दी गई। सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भूदेव को सुरक्षित घर से बाहर निकाला। बचाव के दौरान भीड़ के कुछ लोगों ने पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। देवघर-दुमका से भी बुलाए गए जवान श्रावणी और मिश्रानी मेले के कारण जामताड़ा में पहले से अतिरिक्त पुलिस बल की कमी थी। स्थिति बिगड़ने के बाद देवघर जिले के चित्रा और दुमका से आईआरबी के अतिरिक्त जवानों को बुलाया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, कर्माटांड़ अंचल अधिकारी चुनाराम हेंब्रम, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि महेंद्र मंडल, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई। रविवार को कर्माटांड़ थाना में शांति समिति की बैठक भी हुई, जिसमें दोनों समुदायों के लोग शामिल हुए। नावाडीह पंचायत के मुखिया गुल मोहम्मद ने बीती रात हुई घटना की निंदा की। उन्होंने कर्माटांड़ में गांजा, शराब और जुआ के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताई। कहा कि जब तक इस तरह की गतिविधियां जारी रहेंगी, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति का खतरा बना रहेगा। बैठक में माहौल को शांत रखने और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया। एसडीपीओ बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे एसडीपीओ वसीम रजा ने कहा कि अफरोज आलम की कथित धार्मिक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद भूदेव महतो की ओर से भी टिप्पणी की गई। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसके घर को घेर लिया था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर भूदेव को सुरक्षित निकाल लिया। पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं विश्व हिंदू परिषद के अनूप राय ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद संगठन ने शांतिपूर्ण तरीके से मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन भूदेव की टिप्पणी के बाद उसके घर को घेरना और उसके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। जिला परिषद प्रतिनिधि महेंद्र मंडल ने भी घटना को निंदनीय और चिंता का विषय बताया। फिलहाल प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *