![]()
हरियाणा में मौसम विभाग ने आज के लिए कोई वार्निंग जारी नहीं की है, हालांकि विभाग का कहना है कि प्रदेश के उत्तरी तीन जिलों में बारिश होने की संभावना है, जबकि 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार सोमवार को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, झज्जर, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, जींद, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, पानीपत सहित कई जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। हिसार रहा सबसे गर्म मौसम विभाग के अनुसार, 23 अगस्त को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस हिसार में दर्ज किया गया। वहीं नारनौल का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। कल यमुनानगर में हुई बारिश बारिश की बात करें तो रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 13 मिमी वर्षा यमुनानगर के दमला क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पंचकूला में 12.5 मिमी, नूंह के मंडीखेड़ा में 3.5 मिमी, गुरुग्राम के नॉर्थ कैप कार्यालय में 2.5 मिमी, रोहतक में 2 मिमी तथा अंबाला में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश की कोई चेतावनी नहीं मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के लिए कोई विशेष चेतावनी (नो वार्निंग) जारी नहीं की है। हालांकि लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, वहां किसानों और आम नागरिकों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है। तापमान में आ सकती है गिरावट मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश से तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि किसानों के लिए भी यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है।
Source link
हरियाणा में आज 3 जिलों में बारिश की संभावना:14 जिलों में हो सकती है बूंदाबांदी; हिसार रहा सबसे गर्म
