![]()
गुरुग्राम के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके सदर बाजार में बुधवार दोपहर चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेखौफ चोर ने शोरूम मालिक की आंखों के सामने से ही उनकी स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश है। सदर बाजार इलाके में स्थित प्रसिद्ध ‘मंगला फुटवियर’ के संचालक अमित मंगला बुधवार को अपने शोरूम पर मौजूद थे। दोपहर के समय उन्होंने अपनी सफेद रंग की स्कूटी शोरूम के ठीक बाहर खड़ी की थी। अमित मंगला ने बताया कि वह शोरूम के भीतर ही थे और उनकी नजर बाहर खड़ी स्कूटी पर ही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां आया और स्कूटी पर बैठ गया। उसने समझा कि वह कोई ग्राहक होगा और नॉर्मल तरीके से बैठा होगा। इसी दौरान उसका ध्यान शोरूम के कामकाज चला गया। लेकिन कुछ ही मिनट में वह युवक स्कूटी लेकर रफूचक्कर हो गया। वह जब तक कुछ समझ पाते और चोर को पकड़ने के लिए बाहर दौड़ते, तब तक आरोपी स्कूटी समेत बाजार की भीड़ में गायब हो चुका था। भीड़भाड़ वाले बाजार में वारदात से सहमे व्यापारी
सदर बाजार गुरुग्राम का सबसे पुराना और सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है, जहां हर समय सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे सुरक्षित और व्यस्त इलाके में शोरूम मालिक के सामने से वाहन चोरी हो जाना पुलिस के सुरक्षा दावों पर बड़े सवाल खड़े करता है। वारदात की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस
व्यापारियों का कहना है कि सदर बाजार जैसे इलाके में चोरों का इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना कानून-व्यवस्था पर सवाल है। पुलिस ने शोरूम और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की मदद से चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर स्कूटी बरामद कर ली जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से बाजार में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने की मांग की है।
Source link
गुरुग्राम में शोरूम मालिक की आंखों के सामने स्कूटी चोरी:सबसे व्यस्त इलाके सदर बाजार में बेखौफ युवक की करतूत, चार मिनट रेकी कर ले उड़ा
