Headlines

चुण्डावाड़ा में सूने मकान में चोरी का खुलासा:2 आरोपी गिरफ्तार, एक पर 20 मामलें दर्ज; बाइक भी बरामद




डूंगरपुर जिले की धम्बोला थाना पुलिस ने चुण्डावाड़ा गांव में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 1 बाइक भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पर राजस्थान के विभिन्न जिलों में 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। धम्बोला थाने के सीआई चंद्रशेखर किलाणिया ने बताया कि चुण्डावाड़ा निवासी अमरसिंह चुण्डावत ने 17 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को वे परिवार सहित घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। अगले दिन सुबह जब उनकी पत्नी लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का नकतोसा टूटा हुआ था और तिजोरी खुली मिली। सोने-चांदी के गहने, नकदी और मोबाइल हुआ चोरी
चोर तिजोरी से सोने की चेन, अंगूठी, कान की बाली, पेंडल, लगभग 500 ग्राम चांदी, 50 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन चुरा ले गए थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोकेश कटारा और गंगाराम परमार को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। धम्बोला पावर हाउस तिराहे के पास नाकाबंदी में पकड़े दोनों बदमाश
मुखबिर की सूचना पर धम्बोला पावर हाउस तिराहे के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान बाइक से भागने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने चुण्डावाड़ा गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोकेश और गंगाराम की मुलाकात अहमदाबाद (गुजरात) में मजदूरी के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और उन्होंने आगामी त्योहारों से पहले अच्छा पैसा इकट्ठा करने के लिए चोरी की साजिश रची थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गंगाराम पुत्र लक्ष्मण परमार एक शातिर और आदतन अपराधी (हिस्ट्रीशीटर) है। उसके खिलाफ राजसमंद, उदयपुर और डूंगरपुर जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, नकबजनी, लूट और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 20 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *