![]()
मुरैना शहर के बड़ोखर इलाके में घर-घर से कचरा संग्रह करने वाली नगर निगम की गाड़ी के चालक पर गोबर उठाने के बदले लोगों से पैसे मांगने का आरोप लगा है। मामले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक चालक से ली गई रकम की रसीद मांगता दिखाई दे रहा है। गोबर उठाने के बदले 250 रुपए लेने का आरोप वीडियो में कल्लू शर्मा नामक युवक चालक से सवाल करता नजर आ रहा है। युवक का आरोप है कि चालक मोहल्ले के कुछ लोगों से कचरा गाड़ी में गोबर डलवाता है और इसके बदले प्रति व्यक्ति 250 रुपए लेता है। युवक का दावा है कि पैसे लेने के बावजूद चालक की ओर से किसी तरह की रसीद नहीं दी जाती। इसी बात को लेकर उसने वीडियो में चालक से रसीद देने की मांग की। रसीद नहीं मिलने पर उठे सवाल युवक का कहना है कि यदि गोबर उठाने के लिए नगर निगम की ओर से कोई शुल्क निर्धारित है तो भुगतान के बदले रसीद मिलनी चाहिए। रसीद नहीं दिए जाने से यह सवाल उठ रहा है कि ली गई राशि नगर निगम के रिकॉर्ड में दर्ज हो रही है या नहीं। वीडियो में युवक का दावा है कि चालक ने रसीद देने से इनकार किया और पैसे नहीं देने पर गोबर नहीं उठाने की बात कही। नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि चालक द्वारा पैसे लिए जाने और गोबर उठाने के लिए नगर निगम की ओर से किसी शुल्क के निर्धारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी। कमिश्नर ने दिए जांच के निर्देश नगर निगम कमिश्नर सतेंद्र सिंह धाकरे ने कहा कि सामने आए वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कराई जाएगी। उन्होंने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मुरैना में 250 रुपए दो, तभी उठेगा गोबर:कचरा गाड़ी चालक पर वसूली के आरोप, कमिश्नर ने मांगी रिपोर्ट
