![]()
श्रीदत्तगंज क्षेत्र में शनिवार की शाम में बच्चों के मामूली विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे 65 वर्षीय दयाराम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह दयाराम की नातिन सावित्री गांव के पश्चिम स्थित खेत में भैंस चरा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी शेषराम के आठ वर्षीय पोते नीरज से उसकी कहासुनी हो गई। नीरज के रोते हुए घर पहुंचने पर दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामले की शिकायत लेकर एक पक्ष सुबह ही थाने पहुंचा और तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि शाम करीब साढ़े छह बजे विपक्षी पक्ष के लोग दोबारा दयाराम के घर पहुंच गए और कहासुनी करने लगे। विवाद बढ़ने पर दयाराम बीच-बचाव के लिए पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी और गमछे से गला कस दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के नाती बुधराम ने आरोप लगाया कि यदि सुबह दी गई शिकायत पर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने कहा कि दयाराम दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह स्वयं हिंसा का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक अविरल शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर शेषराम, श्यामकला, मनीषा देवी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बलरामपुर में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या:बच्चों के विवाद में बीच-बचाव करने गए थे, दोनों पक्ष सुबह में पुलिस को दी थी शिकायत
