Headlines

फाइलों में अटका बच्चों का यूनिफॉर्म:5 महीने बाद भी नहीं मिली स्कूल पोशाक की राशि, नए बच्चों को अब तक यूनिफॉर्म नहीं मिली




नए शैक्षणिक सत्र को शुरू हुए पांच महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन झारखंड के सरकारी स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं को अब तक नई यूनिफॉर्म या उसकी राशि नहीं मिल सकी है। इसका असर स्कूलों में साफ दिखाई दे रहा है। नए नामांकित बच्चे बिना यूनिफॉर्म के स्कूल पहुंच रहे हैं, जबकि पहले से पढ़ रहे अधिकांश छात्र पिछले साल की पुरानी और कई जगह से फट चुकी ड्रेस पहन कर स्कूल आ रहे हैं। वहीं कुटे नगड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय के अधिकतर बच्चों के पैरों में जूते नहीं हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। राज्य के सरकारी स्कूलों के बच्चों को दो जोड़ी पोशाक मिलती है। पहली से पांचवीं के बच्चों को 600 रुपए, छठी से आठवीं के छात्र-छात्राओं को 700 रुपए और नौवीं से 12वीं के छात्र-छात्राओं को 1200 रुपए दिए जाते हैं। कई जगहों पर पोशाक की राशि सीधे बैंक खाते में तो कहीं पोशाक तैयार कर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध करायी जाती है। राशि और यूनिफॉर्म दोनों में देरी के कारण नए सत्र में भी बच्चों को पुरानी ड्रेस के सहारे ही स्कूल जाना पड़ रहा है। स्कूल के प्राचार्यों ने बताया कि संबंधित विभाग को योग्य छात्रों के नाम भेज दिए गए है। महंगाई के दौर में 600 रुपए में दो जोड़ी तो दूर एक जोड़ी पोशाक बनना भी मुश्किल सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलने वाली पोशाक की राशि मौजूदा समय में महंगाई के कारण काफी कम पड़ रही है। इस राशि से दो जोड़ी यूनिफॉर्म बनवाना तो दूर, एक जोड़ी की खरीदारी भी मुश्किल से हो पा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे पूरे साल इसी एक जोड़ी यूनिफॉर्म के सहारे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। कई बार सरकार से पोशाक मद की राशि बढ़ाने की मांग की, लेकिन अब तक इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई।

नई व्यवस्था से भुगतान में देरी, जल्द मिलेगी राशि नया सत्र शुरू होने के 5 माह बाद भी यूनिफॉर्म की राशि अब तक बच्चों के खाते में क्यों नहीं पहुंची है? यूनिफॉर्म की राशि केंद्र सरकार से मिल गई है। इस बार एसएनए-स्पर्श (सिंगल नोडल अकाउंट- स्पर्श) पोर्टल के माध्यम से सरकारी स्कूलों के बच्चों को यूनिफॉर्म, स्कूल बैग और स्टेशनरी की राशि सीधे ट्रांसफर करने की व्यवस्था की गई है। नई व्यवस्था के क्रियान्वयन में देरी के कारण खाते में राशि नहीं पहुंची है। शशि रंजन, राज्य परियोजना निदेशक कब तक बच्चों के खाते में स्कूल पोशाक की राशि भेज दी जाएगी? सितंबर माह के अंत तक सभी बच्चों के खाते में राशि भेज दी जाएगी। प्रक्रिया चल रही है। यूनिफॉर्म नहीं मिलने से बच्चे फटे यूनिफॉर्म पहन कर स्कूल जा रहे हैं, इसके लिए जिम्मेवार कौन? हर साल बच्चों को यूनिफॉर्म की राशि दी जाती है, इस बार व्यवस्था में बदलाव के कारण देरी हुई है, जल्द ही यूनिफॉर्म की राशि बच्चों के खाते में भेज दी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *