Headlines

सीतामढ़ी में बुलेट के लिए 22 वर्षीय नवविवाहिता की हत्या:भाई बोला-लोन लेकर बहन की शादी की,अब मिली लाश; देवर करता था प्रताड़ित




सीतामढ़ी के सुप्पी थाना क्षेत्र के घड़वारा गांव में रविवार को एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मधु कुमारी, पति चंदन कुमार झा के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई सुनियोजित हत्या बताया है। परिजनों का आरोप है कि दहेज में बुलेट की मांग पूरी नहीं होने पर मधु की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना की सूचना मिलने के बाद सुप्पी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया। देखें,मौके से आई तस्वीरें… सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… दिसंबर 2025 में धूमधाम से की थी शादी मृतका के भाई गाढ़ा थाना क्षेत्र के मानिक चौक निवासी गोपाल झा ने बताया कि उनकी बहन की शादी दिसंबर 2025 में सुप्पी थाना क्षेत्र के घड़वारा गांव निवासी चंदन कुमार झा के साथ धूमधाम से हुई थी। उन्होंने कहा कि वह फौजी है और बहन की शादी के लिए उन्होंने ऋण लेकर सभी रस्में पूरी की थीं। शादी के कुछ दिनों बाद पति दिल्ली चला गया गोपाल झा के अनुसार, शादी के कुछ दिनों बाद चंदन कुमार झा रोजगार के सिलसिले में दिल्ली चले गए, जहां वह वर्तमान में भी रह रहे हैं। आरोप है कि पति के दिल्ली जाने के बाद मधु का देवर चंचल झा दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था। परिजनों का कहना है कि देवर बार-बार बुलेट बाइक की मांग करता था और मांग पूरी नहीं होने पर मधु की हत्या कर दी गई। बहन बोली- देवर, सास और ससुर कर रहे थे प्रताड़ित मृतका मधु की बहन खुशबू भारद्वाज ने बताया कि उसकी बहन की शादी बड़े ही धूमधाम से सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव निवासी अवधेश झा के पुत्र चंदन कुमार झा के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद चंदन रोजगार के सिलसिले में दिल्ली चला गया। इसके बाद, खुशबू का आरोप है कि मधु के ससुराल वाले देवर, सास, ससुर और पति के मामा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता था और मांग पूरी नहीं होने पर मधु के साथ मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न किया जाता था। पोस्टमार्टम के दौरान सदर अस्पताल में तनाव पोस्टमार्टम के दौरान सदर अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बहन की मौत से आक्रोशित परिजनों ने आरोपी पक्ष के पिता की पिटाई कर दी, जिससे कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष बोले- मामले की जांच की जा रही सुप्पी थानाध्यक्ष आशीष ठाकुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *