Headlines

सूने मकान से 12 लाख के गहने, नकदी चोरी:रतलाम में रिश्तेदार की बर्थडे पार्टी में गया था परिवार, तीन नकाबपोश CCTV में कैद




रतलाम के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत होमगार्ड कॉलोनी के पास स्थित पद्मावती धाम में एक सूने मकान को चोरों ने ताले तोड़े। घर में से 12 लाख से अधिक की कीमत के ज्वेलरी व 50 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। तीन नकाबपोश चोर कॉलोनी में घर के बाहर खड़े होने व वापस जाते हुए सीसीटीवी में कैद हुए है। चोरी की घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे पद्मावती धाम निवासी नीरजसिंह (59) पिता मनोहरसिंह के घर की है। चोरी के बाद नकाबपोशों के जाते हुए का सीसीटीवी रविवार रात सामने आया। मकान मालिक नीरजसिंह ने बताया कि शनिवार रात को 11.30 बजे वह खुद और पत्नी पिंकी लोटस कॉलोनी स्थित उनके साले नेलसन के यहां उनके जन्मदिन की पार्टी में गए थे। रात को वहीं सो गए। सुबह पास में रहने वाले पड़ोसी का कॉल आया कि आपके यहां काम करने वाली नीलम ने बताया कि आपके घर के ताले टूटे हैं। घर पहुंचे तो मुख्य गेट के ताले के साथ इंटरलॉक टूटा मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो आलमारी और उसके लॉकर का ताला भी टूटा मिला। चोर घर में से सोने के 25 ग्राम के 5 टॉप्स, 25 ग्राम सेने की 4 अंगुठियां, 35 ग्राम सोने की 3 चेन, चांदी के सिक्के, 3 कंदोरा, एक जोड़ बच्चे के और एक जोड़ बड़े के कड़े (तीनों का वजन करीब 300 ग्राम) और एक घड़ी चुरा ले गए। बाइक का आरसी व एटीएम कार्ड भी ले गए
चोर घर में आलमारी में रखे एक बैग में 50 हजार रुपए भी चुरा ले गए। इसके अलावा बाइक का आरसी कार्ड व एटीएम कार्ड भी ले गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत 12 लाख रुपए से अधिक है। मकान मालिक ने बताया कि पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे से फुटेज लिए हैं, जिसमें चोर रात 2.26 बजे घर के पास दिखाई दिए। वापस 3 बजे वहां से निकलते हुए दिखे। तीनों चोरों ने मुहं पर कपड़ा बांध रखा था। तीनों की उम्र 20 से 25 साल लग रही है। नीरजसिंह की धार जिले के बदनावर में वेल्डिंग की दुकान है। मकान मालिक नीरजसिंह ने स्टेशन रोड थाने पर शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार देर शाम चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि चोरों की तलाश में टीमें लगाई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए नकाबपोशों की शिनाख्ती के साथ ही उनकी तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *